CG News: कवर्धा में जैन मंदिर में चोरी, दानपेटी से 20 हजार रुपये लेकर फरार हुए चोर
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है। पंडरिया नगर स्थित एक जैन श्वेतांबर मंदिर को बीती रात अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोर मंदिर के अंदर घुसकर दानपेटी का ताला तोड़ते हुए उसमें रखी करीब 20 हजार रुपये की नकद राशि चोरी कर मौके से फरार हो गए।

सुबह पुजारी के पहुंचने पर हुआ खुलासा
यह वारदात देर रात की बताई जा रही है। शुक्रवार सुबह जब मंदिर के पुजारी रोजाना की तरह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि दानपेटी का ताला टूटा हुआ है और उसमें रखी नकदी गायब है। इस घटना की जानकारी तुरंत मंदिर समिति और स्थानीय लोगों को दी गई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही पंडरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मंदिर परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को और सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।
