Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में फिर लौटेगी ठंड, रात का पारा 3 डिग्री तक गिरेगा, दुर्ग सबसे ज्यादा ठंडा
Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर ठंड का असर बढ़ने वाला है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, हालांकि इसके बाद अगले तीन दिनों में रात का तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे ठंड फिर से महसूस होने लगेगी।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले पांच दिनों तक दिन के तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दिन में हल्की गर्मी बनी रहेगी, जबकि रातें ठंडी होंगी।
हल्की बूंदाबांदी और तापमान का हाल
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। बिलासपुर, अंबिकापुर और पेंड्रा रोड जैसे शहरों में तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान
- सबसे अधिक तापमान: 31.5 डिग्री सेल्सियस (जगदलपुर)
- सबसे कम न्यूनतम तापमान: 12.6 डिग्री सेल्सियस (दुर्ग)
दुर्ग फिलहाल प्रदेश का सबसे ठंडा शहर बना हुआ है।
ठंड से बढ़ेगी रात की ठिठुरन
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। इसका असर खासतौर पर मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में ज्यादा रहेगा। सुबह और देर रात ठंड बढ़ सकती है, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
