Raipur News: तेलीबांधा में बनेगा 8 मंजिला टेक्नीकल ट्रेड टॉवर, आईटी सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा
Raipur News: रायपुर शहर के तेलीबांधा चौक के पास अब मेट्रो सिटीज की तर्ज पर 8 मंजिला टेक्नीकल ट्रेड टॉवर का निर्माण किया जाएगा। नगर निगम ने इसके लिए निर्माण एजेंसी तय कर दी है और शासन से दरों की स्वीकृति भी मिल चुकी है। जल्द ही एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

इस आधुनिक टेक्नीकल टॉवर का निर्माण लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से कृष्णकुंज क्षेत्र में 2 एकड़ भूमि पर किया जाएगा। यह प्रोजेक्ट नगर उत्थान योजना के तहत स्वीकृत है। टॉवर में को-वर्किंग स्पेस, आईटी ऑफिस, कॉन्फ्रेंस हॉल, मल्टीलेवल पार्किंग, क्लब हाउस और होटल जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मेट्रो सिटीज जैसा इंफ्रास्ट्रक्चर
यह ट्रेड टॉवर हैदराबाद और मुंबई जैसे बड़े शहरों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। यहां मल्टीनेशनल कंपनियों को मीटिंग और कॉन्फ्रेंस के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं को नेटवर्किंग और रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
नगर निगम को होगी अतिरिक्त आय
इस प्रोजेक्ट से नगर निगम को भी रेवेन्यू का नया स्रोत मिलेगा। पूरे कैंपस में सीसीटीवी सुरक्षा व्यवस्था होगी और सभी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जाएंगी।
महापौर का बयान
महापौर मीनल चौबे ने बताया कि निर्माण एजेंसी का चयन हो चुका है और जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा। यह टेक्नीकल टॉवर युवाओं के लिए रोजगार और स्टार्टअप गतिविधियों को बढ़ावा देगा।
