ICC ने ठुकराई बांग्लादेश की मांग, T20 वर्ल्ड कप खेलने भारत आना होगा, वरना कटेंगे अंक
ICC vs Bangladesh: टी20 वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश की मांग को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने सख्ती से खारिज कर दिया है। आईसीसी ने साफ कर दिया है कि बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए भारत आना ही होगा। अगर टीम भारत आने से इनकार करती है, तो उसे अंक कटौती जैसी कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

वेन्यू बदलने की मांग को क्यों कहा गया ना?
सूत्रों के मुताबिक, आईसीसी ने एक वर्चुअल बैठक के दौरान बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को स्पष्ट शब्दों में बता दिया कि भारत से बाहर मैच कराने का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा आईसीसी का कहना है कि भारत में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई खतरा नहीं है और टूर्नामेंट की सभी तैयारियां तय कार्यक्रम के अनुसार चल रही हैं।
हालांकि, बीसीबी के कुछ अधिकारियों का दावा है कि उन्हें इस फैसले की आधिकारिक जानकारी अभी नहीं दी गई है।
जानिए क्या है पूरा विवाद
इस पूरे विवाद की शुरुआत आईपीएल 2026 से जुड़ी एक बड़ी घटना से हुई। दरअसल, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बीसीसीआई के निर्देश पर रिलीज कर दिया था। इसके पीछे कारण बताया गया घरेलू विरोध। भारत में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों को लेकर गुस्सा देखने को मिला, जिसके चलते कई लोगों ने मुस्तफिजुर को 9 करोड़ रुपये से ज्यादा में खरीदे जाने का विरोध किया।
बांग्लादेश सरकार भी कूदी विवाद में
मुस्तफिजुर को रिलीज किए जाने के बाद यह मामला सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा। सूत्रों के अनुसार, बांग्लादेश सरकार भी इस विवाद में कूद पड़ी और उसने भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के बहिष्कार की धमकी दे डाली।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी को पत्र लिखकर कहा कि:
- बांग्लादेश भारत में अपने मैच नहीं खेलेगा
- मैचों को श्रीलंका शिफ्ट किया जाए
- खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई
इतना ही नहीं, नाराजगी में आकर बांग्लादेश ने अपने देश में IPL के प्रसारण पर भी रोक लगा दी।
ICC का सख्त रुख
आईसीसी ने इन सभी मांगों को सिरे से खारिज करते हुए साफ कर दिया है कि:
- टी20 वर्ल्ड कप भारत में ही होगा
- बांग्लादेश को भारत आकर मैच खेलने होंगे
- इनकार करने पर अंक कटौती और नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी
आईसीसी का यह रुख साफ संकेत देता है कि वह टूर्नामेंट के शेड्यूल और आयोजन से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा।
