Featuredछत्तीसगढ़

Chhattisgarh Skill Tech: 13,690 करोड़ के निवेश से खुलेंगे 12 हजार से अधिक रोजगार के अवसर

Chhattisgarh Skill Tech: छत्तीसगढ़ में कौशल विकास और औद्योगिक विस्तार को एकीकृत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास विभाग और वाणिज्य एवं उद्योग विभाग द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ स्किल टेक कार्यक्रम में 13,690 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव सामने आए हैं, जिनसे राज्य में 12,000 से अधिक नए रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है।

यह उद्योग-केंद्रित निवेश कार्यक्रम प्रधानमंत्री सेतु योजना (PM SETU) के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य निजी क्षेत्र की भागीदारी से कौशल आधारित रोजगार को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े निवेशकों के साथ समझौता ज्ञापन (MoUs) पर हस्ताक्षर किए गए।

गेल का मेगा प्रोजेक्ट बना आकर्षण का केंद्र

इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि गेल (GAIL) का गैस-आधारित उर्वरक संयंत्र रहा, जिसमें लगभग 10,500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। यह परियोजना राजनांदगांव जिले के बिजेतला क्षेत्र में 400 एकड़ भूमि पर स्थापित की जाएगी और इसमें 1.27 MMTPA यूरिया उत्पादन क्षमता होगी। इसके संचालन से लगभग 3,500 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है।

सीएम विष्णुदेव साय का बयान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि “छत्तीसगढ़ का विकास मॉडल निवेश, रोजगार और कौशल को एक साथ जोड़ने पर आधारित है। स्किल टेक जैसे मंच राज्य के युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।”

विविध क्षेत्रों में निवेशकों की रुचि

गेल के अलावा परिधान, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, सोलर पैनल निर्माण जैसे क्षेत्रों में भी निवेशकों ने गहरी रुचि दिखाई। जशपुर स्थित आदित्य बिरला स्किल सेंटर को उद्योग-आधारित कौशल विकास का उत्कृष्ट मॉडल बताया गया।

एक साल में 7.83 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव

पिछले एक वर्ष में छत्तीसगढ़ को 7.83 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से करीब 50 प्रतिशत परियोजनाएं क्रियान्वयन चरण में पहुंच चुकी हैं। ये परियोजनाएं राज्य के 26 जिलों में फैली हुई हैं, जो क्षेत्रीय संतुलन और समावेशी विकास को दर्शाती हैं। छत्तीसगढ़ स्किल टेक ने यह स्पष्ट कर दिया है कि राज्य अब कौशल आधारित औद्योगिक विकास का राष्ट्रीय मॉडल बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *