Breaking News: रायपुर में बड़ा हादसा टला, सोसायटी बिल्डिंग की लिफ्ट हुई बेकाबू – वीडियो वायरल
Breaking News: राजधानी रायपुर के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। फेस–2 के G ब्लॉक में रात करीब 10 बजे सोसायटी की लिफ्ट अचानक बेकाबू हो गई, जिससे वहां मौजूद मां-बेटी की जान खतरे में आ गई। गनीमत यह रही कि दुर्घटना के समय दोनों लिफ्ट में सवार नहीं थीं।

कैसे हुई घटना: महिला जैसे ही लिफ्ट खोलने लगी, अचानक टूट गया वेट मशीन
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि महिला अपनी मंजिल पर जाने के लिए लिफ्ट का बटन दबाती है। कुछ ही सेकंड बाद लिफ्ट पहुंचती है और जैसे ही महिला उसका दरवाजा खोलने की कोशिश करती है, लिफ्ट का वेट मशीन टूटकर धड़ाम से ग्राउंड फ्लोर पर गिर जाता है। इसी दौरान लिफ्ट तेज आवाज के साथ अनियंत्रित होकर ऊपर की ओर भागती है। वीडियो में जोरदार धमाके की आवाज भी सुनाई देती है। अगर महिला और उसकी बच्ची उस समय लिफ्ट में सवार हो जातीं, तो बड़ा हादसा निश्चित था।
रहवासी नाराज़: लिफ्ट मेंटेनेंस पर सवाल, 15 दिन पहले भी हुई थी खराबी
घटना के बाद कॉलोनी के रहवासियों ने आरडीए पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सोसायटी में लिफ्ट का सही मेंटेनेंस लंबे समय से नहीं किया जा रहा है।
रहवासियों के अनुसार:
- 15 दिन पहले भी लिफ्ट गिरने की घटना हुई थी
- लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का हल नहीं किया गया
- मेंटेनेंस के नाम पर केवल अस्थायी सुधार किया जाता है
- रोज़ाना किसी न किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती रहती है
लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई न की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
