Blind Women T20 World Cup: भारतीय महिला ब्लाइंड टीम ने नेपाल को हराकर जीता पहला टी20 वर्ल्ड कप, क्रिकेट फैंस को मिली दोहरी खुशी
Blind Women T20 World Cup: भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए रविवार का दिन बेहद खास रहा। एक तरफ जहां भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना की शादी की खबरें सोशल मीडिया पर छाई रहीं, वहीं दूसरी ओर भारतीय ब्लाइंड महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए पहला ब्लाइंड विमेंस T20 वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया।

श्रीलंका के कोलंबो स्थित पी सारा ओवल में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने नेपाल को 7 विकेट से हराकर विश्व खिताब पर कब्जा किया। यह जीत भारत के लिए बेहद खास रही क्योंकि यह उद्घाटन संस्करण था और टीम इंडिया ने बेजोड़ प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की।
फाइनल में दमदार प्रदर्शन, भारत ने 12 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
मुकाबले में भारत ने पहले गेंदबाजी करते हुए नेपाल को 5 विकेट पर 114 रन पर रोक दिया। जवाब में भारतीय बैटर्स ने शानदार खेल दिखाते हुए सिर्फ 12 ओवर में 3 विकेट पर 117 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। भारत की ओर से फूला सरेन ने सबसे ज्यादा नाबाद 44 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली और टीम को जीत की राह पर बनाए रखा।
नेपाल सिर्फ एक बाउंड्री लगा सका
भारतीय गेंदबाजों के सामने नेपाल का बल्लेबाज़ी क्रम पूरी तरह संघर्ष करता नज़र आया। विरोधी टीम पूरी पारी में सिर्फ एक बाउंड्री ही लगा सकी, जो भारतीय गेंदबाजी की कसी हुई रणनीति को दर्शाता है। भारत ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि नेपाल ने पाकिस्तान को मात दी थी।
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनीं पाकिस्तान की मेहरीन अली
इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान की बल्लेबाज़ मेहरीन अली सबसे चमकदार स्टार रहीं। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 600 से ज्यादा रन बनाए। श्रीलंका के खिलाफ खेली गई उनकी 78 गेंदों में 230 रन की धुआंधार पारी इतिहास में दर्ज हो चुकी है। इसके अलावा उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी 133 रन बनाए थे। को-होस्ट श्रीलंका पांच शुरुआती राउंड मैचों में से सिर्फ एक मुकाबला जीत पाया था।
