Featuredछत्तीसगढ़

CG Breaking: कवर्धा में छात्रावास की 3 छात्राएं बेहोश, अस्पताल में अधीक्षिका ने बुलाया बैगा

CG Breaking: जिले के रेंगाखार वनांचल क्षेत्र के माध्यमिक और हाईस्कूल छात्रावास में शुक्रवार दोपहर बड़ा मामला सामने आया, जहां करीब 12.30 बजे तीन छात्राएं अचानक चीखते हुए बेहोश हो गईं। तीनों छात्राएं छात्रावास में ही रहती थीं। घटना के बाद स्टाफ उन्हें तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेंगाखार लेकर पहुंचा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्राएं जोर-जोर से रो रही थीं, हाथ-पैर कांप रहे थे और सिर पकड़कर चिल्ला रही थीं। डॉक्टर ने कुछ समय तक उनकी स्थिति का निरीक्षण किया, लेकिन कारण स्पष्ट न होने पर वे अस्पताल से चले गए। यह उनकी पहली पोस्टिंग थी और ऐसी स्थिति को संभालने का अनुभव नहीं था।

अधीक्षिका ने बुलाया बैगा, अस्पताल में करवाया टोटका

छात्रावास की अधीक्षिका राधिका खुसरे अस्पताल पहुंचीं और उन्होंने इस घटना को भूत-प्रेत का असर बताया। इसके बाद उन्होंने एक कथित बैगा को बुलवाया, जो अस्पताल के एक कोने में बैठकर पहले टोटका करता रहा और फिर छात्राओं पर झाड़फूंक करने लगा। करीब दो घंटे तक यह सिलसिला चलता रहा, लेकिन छात्राओं की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद सूचना मिलने पर अभिभावक अस्पताल पहुंचे और अपनी बेटियों को घर ले गए।

5 दिनों में तीसरी घटना, छात्राओं में बढ़ा भय

पिछले पांच दिनों में यह तीसरी ऐसी घटना है। 15–16 नवंबर को भी 8 से 10 छात्राएं बेहोश हो गई थीं। तब भी अधीक्षिका ने इसे भूत-प्रेत की बाधा बताते हुए छात्राओं को घर भेज दिया था। स्कूल परिसर में भी पिछले दिनों 2–3 बार ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। अधीक्षिका राधिका खुसरे का दावा है कि यह भूत-प्रेत का साया है और वह स्वयं झाड़फूंक जानती हैं। उन्होंने कहा कि वह पहले भी ऐसे मामले ठीक कर चुकी हैं।

स्वास्थ्य विभाग करेगा कार्रवाई

बोड़ला बीएमओ डॉ. पुरुषोत्तम राजपूत ने कहा कि अस्पताल में इस तरह के टोटके कराना गलत है और इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस लगातार होती घटनाओं से अन्य छात्राओं में भारी भय और तनाव बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *