Breaking News: पटवारी से RI बने अधिकारियों के घर ACB-EOW की बड़ी कार्रवाई, 20 ठिकानों पर छापा
Breaking News: छत्तीसगढ़ में बुधवार सुबह एसीबी–ईओडब्ल्यू की संयुक्त टीम ने व्यापक कार्रवाई करते हुए रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, अंबिकापुर, महासमुंद, गरियाबंद, जगदलपुर सहित कई शहरों में लगभग 20 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। यह कार्रवाई राजस्व निरीक्षक (RI) भर्ती 2024 पेपर लीक मामले से जुड़ी बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, जिन अधिकारियों के यहां दबिश दी गई है, वे पहले पटवारी थे और बाद में पदोन्नत होकर राजस्व निरीक्षक बने। जांच एजेंसी पेपर लीक मामले से संबंधित दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और संदिग्ध लेनदेन से जुड़े सबूतों की तलाश कर रही है।
रायपुर में मंत्रालय कर्मचारी के घर छापेमारी
राजधानी रायपुर के चौसरिया कॉलोनी में मंत्रालय में पदस्थ कर्मचारी राकेश डडसेना के घर एसीबी–ईओडब्ल्यू की टीम सुबह-सुबह पहुंची। उनके निवास पर टीम महत्वपूर्ण दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और संदिग्ध फाइलों की जांच कर रही है।
अंबिकापुर में 4 RIs के घर पर दबिश
अंबिकापुर में आज तड़के चार राजस्व निरीक्षकों के घर पर अलग-अलग टीमों ने एक साथ छापा मारा। जिनके घर दबिश दी गई है:
- महुआपारा निवासी आरआई गौरीशंकर
- फुंदुर्दिहारी निवासी आरआई नरेश मौर्य
- बौरीपारा, शिकारी रोड निवासी आरआई धरमसाय लकड़ा
- कोणार्क सिटी निवासी आरआई अभिषेक सिंह
ये सभी अधिकारी वर्तमान में अलग-अलग जिलों में पदस्थ हैं। टीम पेपर लीक प्रकरण से जुड़े दस्तावेज, मोबाइल डेटा, व्हाट्सऐप चैट, लेनदेन के प्रमाण और अन्य डिजिटल सबूत खंगाल रही है।
20 लोकेशंस पर एक साथ एक्शन, आगे और खुलासों की संभावना
छत्तीसगढ़ के कई प्रमुख जिलों में एक साथ छापेमारी किए जाने को बड़ा ऑपरेशन माना जा रहा है। पेपर लीक मामले में पहले भी कई शिक्षकों, दलालों और अधिकारियों के नाम सामने आ चुके हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि बरामद दस्तावेजों की जांच के बाद और भी खुलासे हो सकते हैं।
