CG News: मंदिर से लड़कियों ने चुराई दानपेटी, CCTV में कैद हुई वारदात, देखें Video
CG News: शहर के अशोक नगर स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर में दानपेटी चोरी की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मंदिर परिसर में रखी दानपेटी को चोरी करने की पूरी वारदात CCTV कैमरे में स्पष्ट रूप से कैद हुई, जिसके बाद मंदिर समिति में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तुरंत प्रबंधन और पुलिस को दी गई।

जांच के दौरान CCTV फुटेज में सामने आया कि चोरी की इस वारदात को अटल आवास, अशोक नगर में रहने वाली तीन नाबालिग लड़कियों ने अंजाम दिया। वीडियो में दिखाई देता है कि किस तरह तीनों लड़कियां मंदिर में घूमते हुए दानपेटी के पास पहुंचती हैं और उसे उठाकर मौके से फरार हो जाती हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मंदिर समिति ने इसकी जानकारी सरकंडा पुलिस को दी। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने खुलासा किया कि चोरी के बाद लड़कियों ने दानपेटी को गणपति हॉस्पिटल के पीछे स्थित खेत में एक गड्ढा खोदकर छिपा दिया था।
पुलिस की पूछताछ में परिजनों को भी बुलाया गया। नाबालिग होने के कारण पुलिस ने संवेदनशीलता बरतते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई से परहेज किया। परिजनों और समाज के बीच गलती स्वीकार करने के बाद तीनों लड़कियों को समझाइश देकर उनके परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस ने कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अभियानों और जागरूकता पर जोर दिया जाएगा।
