Women’s ODI World Cup 2025: टीम इंडिया बनी वर्ल्ड चैंपियन, पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप भारत के नाम
Women ODI World Cup 2025 Final: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया। यह जीत भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखी जाएगी। पूरे भारत में इस जीत का जश्न मनाया जा रहा है, क्योंकि पहली बार इस महा टूर्नामेंट की ट्रॉफी भारत के हाथ आई है।

कैसे जीता भारत ने ये ऐतिहासिक फाइनल?
फाइनल मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 298 रन बनाए। जवाब में पूरी साउथ अफ्रीकी टीम 246 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से शैफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा ने शानदार अर्धशतक जमाए और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुँचाया।
- शैफाली वर्मा — 78 गेंदों में 87 रन (7 चौके, 2 छक्के)
- दीप्ति शर्मा — 58 रन
शानदार ओपनिंग साझेदारी ने भारत की नींव मजबूत रखी। शैफाली और स्मृति मंधाना के बीच पहले विकेट के लिए 104 रन की पार्टनरशिप हुई। हालांकि शैफाली शतक से चूक गईं, लेकिन उनकी पारी ने फाइनल में जीत की दिशा बना दी। साउथ अफ्रीका की ओर से आयबोंगा खाका ने 3 विकेट लिए।
अफ्रीकी कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट का शतक भी नहीं बचा सका मैच
साउथ अफ्रीकी टीम की बल्लेबाजी में केवल एक ही सितारा चमका — कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट। उन्होंने 98 गेंदों में 101 रन की शतकीय पारी खेली। लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने दूसरे छोर से लगातार विकेट निकालते रहे, जिसके चलते टीम निर्धारित लक्ष्य तक नहीं पहुँच सकी। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने पांच विकेट लेकर मैच को अपनी मुट्ठी में कर लिया।
इतिहास के सुनहरे पन्नों पर भारत का नाम
इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने विश्व क्रिकेट में अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि दर्ज की। इससे पहले भारत फाइनल में पहुँच तो चुका था, लेकिन जीत नहीं मिल पाई थी। लेकिन 2025 में भारतीय शेरनियों ने चैंपियन बनकर पूरी दुनिया को जवाब दे दिया कि अब भारतीय महिला क्रिकेट विश्व की सबसे दमदार टीमों में से एक है।
