छत्तीसगढ़ के कांकेर में लव मैरिज पर समाज का जुर्माना! 500 लोग पहुंचे दामाद के घर, मांगी ₹2 लाख और मुर्गा-भात की दावत
कांकेर (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां प्रेम विवाह करने वाले एक युवक और युवती को समाज ने 2 लाख रुपये का जुर्माना और “मुर्गा-भात” की दावत देने का फरमान सुनाया है। 45 गांवों के करीब 500 लोग युवक के घर के बाहर डटे हुए हैं और समाज के नियमों के तहत सजा की मांग कर रहे हैं। मामला बढ़ने पर सरपंच को पुलिस बुलानी पड़ी, जिसने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

गुपचुप तरीके से की थी कोर्ट मैरिज
जानकारी के मुताबिक, कांकेर के पखांजूर क्षेत्र के एक युवक ने साल 2022 में महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले की रहने वाली एक आदिवासी युवती से कोर्ट मैरिज की थी। यह शादी बिना समाज की जानकारी के चुपचाप कर ली गई थी। शादी के बाद युवती पढ़ाई के लिए कहीं और चली गई थी। लेकिन लगभग 10 दिन पहले जब वह अपने पति के घर लौटी, तब गांव और समाज को इस रिश्ते की खबर लगी।
समाज ने लगाया जुर्माना और रखी दो शर्तें
युवती के लौटते ही गांव में मामला गरमा गया। बताया जा रहा है कि युवती के परिजनों के साथ-साथ आसपास के 45 गांवों के समाज प्रमुख और सदस्य युवक के घर पहुंच गए। उन्होंने दो शर्तें रखीं —
₹2 लाख रुपये का जुर्माना
पूरे समाज के लिए “मुर्गा-भात” की दावत
समाज प्रमुखों ने दावा किया कि यह आदिवासी परंपरा का हिस्सा है, जिसके अनुसार समाज से बाहर विवाह करने पर दंड देना तय होता है। उनका कहना है कि “हर समाज के अपने नियम होते हैं, और हम सिर्फ परंपरा निभा रहे हैं।”
पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय सरपंच ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया और भीड़ को समझाया। फिलहाल मामला शांत बताया जा रहा है और पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि यदि किसी प्रकार का सामाजिक दबाव या उत्पीड़न साबित होता है, तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
पखांजूर में यह मामला बना चर्चा का विषय
इस घटना ने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। जहां एक ओर लोग इसे समाज की परंपरा बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई लोग इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता पर हस्तक्षेप मान रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है।
