CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड की दस्तक, अंबिकापुर में पारा 10 डिग्री से नीचे, जानें मौसम का ताजा अपडेट
CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर खत्म होने के बाद अब ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है। उत्तरी छत्तीसगढ़ के इलाकों में रात का तापमान तेजी से गिर रहा है।

अंबिकापुर में सबसे कम तापमान दर्ज
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। इस दौरान अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो छत्तीसगढ़ में सबसे कम रहा।वहीं, दुर्ग में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है।
अगले 5 दिनों तक नहीं बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसका मतलब है कि प्रदेशवासियों को अभी ठंड और बढ़ती गलन का सामना करना पड़ सकता है।मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस हो रहा है।
रायपुर में 15 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
राजधानी रायपुर में भी ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।वहीं, अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ सकती है।
छत्तीसगढ़ में ठंड का बढ़ेगा असर
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, नवंबर के आखिरी दिनों में छत्तीसगढ़ में ठंड और बढ़ सकती है। खासकर उत्तरी इलाकों में रात का तापमान और गिरने की संभावना है।
