Poultry Industry Crisis: पोल्ट्री इंडस्ट्री पर 50 साल का सबसे बड़ा संकट! मक्का-सोयाबीन महंगे होने से उत्पादन घटा, सरकार से हस्तक्षेप की मांग
Poultry Industry Crisis: देश का पोल्ट्री उद्योग इन दिनों बढ़ती लागत और महंगे फीड की वजह से बड़े आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। ऑल इंडिया पोल्ट्री ब्रीडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बहादुर अली ने मौजूदा हालात को पिछले 50 वर्षों का सबसे बड़ा संकट बताया है। उनका कहना है कि मक्का और सोयाबीन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के कारण मुर्गी पालन की लागत काफी बढ़ गई है।

बढ़ती लागत का असर अब पोल्ट्री उत्पादन पर भी दिखाई देने लगा है। कई छोटे और ग्रामीण पोल्ट्री फार्म आर्थिक दबाव के कारण बंद होने की स्थिति में पहुंच गए हैं।
पर्याप्त उत्पादन के बावजूद बाजार में किल्लत का आरोप
बहादुर अली के अनुसार, देश में मक्का और सोयाबीन का उत्पादन पर्याप्त मात्रा में हुआ है, लेकिन इसके बावजूद बाजार में उपलब्धता को लेकर संकट की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ व्यापारिक समूहों और सोशल मीडिया के जरिए इन फसलों की कमी को लेकर गलत धारणा बनाई जा रही है। उनका दावा है कि भविष्य में कीमतें बढ़ने की उम्मीद के चलते कई जगहों पर मक्का और सोयाबीन का बड़े स्तर पर भंडारण किया जा रहा है, जिससे बाजार में कृत्रिम किल्लत पैदा हो रही है।
एसोसिएशन अध्यक्ष ने कहा कि सरकारी और कृषि उत्पादन के आंकड़ों के अनुसार देश के कई राज्यों में इन फसलों का पर्याप्त उत्पादन हुआ है। ऐसे में मौजूदा संकट के पीछे जमाखोरी भी एक बड़ा कारण हो सकती है।
यह भी पढ़ें: Elephant Attack: जंगली हाथी का तांडव खेत में भाग रहे युवक को दौड़ाकर कुचला
महंगे फीड से घट रहा पोल्ट्री उत्पादन
पोल्ट्री कारोबार में मुर्गियों के दाने यानी फीड की लागत सबसे महत्वपूर्ण होती है। मक्का और सोयाबीन महंगे होने से फीड की कीमतों में तेजी आई है, जिससे पोल्ट्री संचालकों का खर्च बढ़ गया है।
बहादुर अली ने बताया कि लागत बढ़ने के कारण कई पोल्ट्री फार्मों ने उत्पादन कम करना शुरू कर दिया है। उन्होंने आशंका जताई कि इसका असर आने वाले समय में बाजार पर दिखाई दे सकता है और उत्पादन घटने से चिकन की कीमतों में बढ़ोतरी की स्थिति बन सकती है।
एथनॉल उद्योग भी प्रभावित
मक्का की बढ़ती कीमतों का असर केवल पोल्ट्री सेक्टर तक सीमित नहीं है। बहादुर अली के मुताबिक, एथनॉल उत्पादन से जुड़ी इकाइयां भी महंगे मक्के की वजह से परेशान हैं। उन्होंने बताया कि कुछ एथनॉल इकाइयों पर भी आर्थिक दबाव बढ़ा है। हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि जनवरी तक मक्का और सोयाबीन की कीमतों में गिरावट आ सकती है।
सरकार से दो बड़ी मांगें रखी
पोल्ट्री उद्योग को संकट से बाहर निकालने के लिए ऑल इंडिया पोल्ट्री ब्रीडर्स एसोसिएशन ने केंद्र सरकार से तत्काल कदम उठाने की मांग की है।
एसोसिएशन ने मुख्य रूप से दो मांगें रखी हैं—
1. मक्का और सोयाबीन पर स्टॉक लिमिट लागू हो
एसोसिएशन का कहना है कि बड़े स्तर पर भंडारण और जमाखोरी रोकने के लिए मक्का और सोयाबीन पर स्टॉक लिमिट लागू की जानी चाहिए, जिससे बाजार में इनकी उपलब्धता बनी रहे।
2. सरकारी दर पर कनकी उपलब्ध कराई जाए
पोल्ट्री उद्योग ने मांग की है कि सरकार के पास उपलब्ध करीब 30 लाख टन कनकी को सरकारी दर पर पोल्ट्री सेक्टर को उपलब्ध कराया जाए। एसोसिएशन का कहना है कि इससे फीड की लागत कम करने में मदद मिलेगी।
लाखों ग्रामीण परिवारों की आजीविका का सवाल
बहादुर अली ने कहा कि इन मांगों का उद्देश्य किसानों को नुकसान पहुंचाना नहीं है, बल्कि जमाखोरी पर रोक लगाकर पोल्ट्री और डेयरी क्षेत्र से जुड़े लाखों ग्रामीण परिवारों की आजीविका को सुरक्षित रखना है। अब सभी की नजर केंद्र सरकार के अगले कदम पर है कि बढ़ती लागत और उत्पादन संकट से जूझ रहे पोल्ट्री उद्योग को राहत देने के लिए क्या निर्णय लिया जाता है।
