Badminton Championship: राष्ट्रीय बैडमिंटन स्पर्धा का आगाज 30 राज्यों के 250 खिलाड़ी दिखाएंगे दम, अरुण साव बोले- खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने प्रतिबद्ध सरकार
Badminton Championship: राजधानी रायपुर में गुरुवार को 5वीं मिनी राष्ट्रीय बैडमिंटन स्पर्धा का शुभारंभ हुआ। मोवा स्थित आईस्पोर्टज बैडमिंटन एरीना में आयोजित इस चार दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने किया।

प्रतियोगिता में देशभर के 30 राज्यों के करीब 250 प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका परिचय लिया और खेल से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
बैडमिंटन में धैर्य और एकाग्रता जरूरी: अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बैडमिंटन केवल शारीरिक क्षमता का खेल नहीं है, बल्कि इसमें धैर्य, एकाग्रता, चपलता, तेज निर्णय लेने की क्षमता और अनुशासन की भी जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि खेल मैदान में मिलने वाली सीख जीवन में भी सफलता हासिल करने में मदद करती है। ऐसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलता है।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने काम कर रही सरकार
अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में खेल अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। इसी दिशा में बैडमिंटन स्टेडियम निर्माण के लिए भी स्वीकृति दी गई है, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
यह भी पढ़ें: Jio Happy New Year 2.0 Plans: ₹399 से शुरू अनलिमिटेड 4G-5G डेटा वाले प्लान
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी बढ़ा रहे गौरव
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अब राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने एशियन पैरा गेम्स-2026 में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अभिजीत सखूजा द्वारा पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतने का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनकी उपलब्धि पर 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मान और प्रोत्साहन देना सरकार की प्राथमिकता है।
ओलंपिक तक खिलाड़ियों को पहुंचाने का लक्ष्य
अरुण साव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी ओलंपिक जैसे बड़े मंचों तक पहुंचे और देश के लिए पदक जीतें। उन्होंने कहा कि युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह लगातार बढ़ रहा है और प्रदेश से नई खेल प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। खेल के माध्यम से खिलाड़ी अपना भविष्य बनाने के साथ-साथ प्रदेश और देश का नाम भी रोशन कर रहे हैं। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम सिसोदिया, सचिव संजय मिश्रा, कोषाध्यक्ष संजय भंसाली, कविता दीक्षित, अनुराग दीक्षित, खेल अधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।
