CG Protest: शिक्षक बनने का सपना कब होगा पूरा? शिक्षा मंत्री के बंगले का D.Ed अभ्यर्थियों ने किया घेराव, 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग
CG Protest: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के लंबित पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड (D.Ed) अभ्यर्थियों ने एक बार फिर आंदोलन तेज कर दिया है। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के सरकारी बंगले पहुंच गए और घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले 11 महीनों से सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के शेष 2300 रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि लंबे आंदोलन और कई बार ज्ञापन सौंपने के बावजूद अब तक भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है। अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की है कि रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति की जाए और इसके लिए स्पष्ट समय-सीमा भी घोषित की जाए।
शिक्षा मंत्री के बंगले पर बढ़ाई गई सुरक्षा
इससे पहले 5 नवंबर को भी प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री के बंगले में प्रवेश कर धरने पर बैठ गए थे। इसके बाद से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। सोमवार को प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस प्रदर्शनकारियों और उनके परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस वाहन में बैठाकर मौके से हटाया गया।
कोर्ट के आदेशों का हवाला
डीएड अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्ष 2023 की सहायक शिक्षक भर्ती में बीएड अभ्यर्थियों की नियुक्ति निरस्त होने के बाद रिक्त पदों पर पात्र डीएड अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिलनी चाहिए थी। उनका दावा है कि सुप्रीम कोर्ट और छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद अब तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। अभ्यर्थी न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: CG Weather Today: अर्नब-मुरासु के बाद अब Cyclone Akvan का खतरा
11 महीनों से जारी है आंदोलन
अभ्यर्थियों का कहना है कि पिछले कई महीनों में उन्होंने अपनी मांगों को लेकर कई लोकतांत्रिक तरीके अपनाए हैं। इनमें—
- ज्ञापन सौंपना
- कैंडल मार्च
- मौन धरना
- दंडवत यात्रा
- सांकेतिक प्रदर्शन
जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। इसके बावजूद भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बनी हुई है।
क्या है अभ्यर्थियों की मुख्य मांग?
डीएड अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगें हैं—
- सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के 2300 रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति।
- नियुक्ति प्रक्रिया की स्पष्ट समय-सीमा घोषित की जाए।
- न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए।
फिलहाल प्रदर्शन जारी है और प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
