CG News: मुआवजे की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ का प्रदर्शन, प्रशासन के आश्वासन के बाद 5 घंटे में खत्म हुआ आंदोलन
CG News: किसानों को मुआवजा देने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ ने जगदलपुर में प्रदर्शन किया। आंदोलन की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसान संघ के पदाधिकारियों से चर्चा की। करीब पांच घंटे तक चली बैठक के बाद प्रशासन द्वारा मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर किसान संघ ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने भारतीय किसान संघ की स्थानीय इकाई ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू किया। आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने किसान संघ के प्रतिनिधियों को चर्चा के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान रैली की अनुमति को लेकर कुछ समय तक गहमागहमी भी रही, लेकिन अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रतिनिधि कलेक्टर कार्यालय स्थित आस्था हॉल पहुंचे।
यहां कलेक्टर सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और किसान संघ के पदाधिकारियों के बीच करीब पांच घंटे तक विस्तृत बैठक हुई। बैठक में किसानों ने मुआवजे सहित अपनी विभिन्न मांगें प्रशासन के सामने रखीं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने किसान प्रतिनिधियों की सभी मांगों को गंभीरता से सुनने के बाद उन्हें समयबद्ध तरीके से निराकरण का आश्वासन दिया। अधिकारियों के इस भरोसे के बाद भारतीय किसान संघ ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया।
हालांकि, किसान संघ ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय सीमा में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हो गई है।
