Healthy Evening Snacks: शाम के स्नैक्स में मूंगफली या भुना चना – जानिए कौन है ज्यादा फायदेमंद?
Healthy Evening Snacks: आजकल लोग अपनी सेहत को लेकर काफी जागरूक हो गए हैं। खासकर शाम के समय चाय के साथ क्या खाना चाहिए, इसे लेकर लोग सोच-समझकर चुनाव करते हैं। पहले लोग चाय के साथ बिस्कुट या दालमोठ जैसी चीजें खा लेते थे, लेकिन अब कैलोरी, फाइबर और पोषक तत्वों को ध्यान में रखते हुए वे हेल्दी स्नैक्स का चयन कर रहे हैं। मखाना, मूंगफली और भुने चने जैसे विकल्प अब ज्यादा लोकप्रिय हो रहे हैं। आइए जानते हैं कि शाम के स्नैक्स में मूंगफली और भुने चने में से कौन ज्यादा फायदेमंद है।

मूंगफली में पाए जाने वाले पोषक तत्व
मूंगफली में कैलोरी, प्रोटीन, कार्ब्स, शुगर, फाइबर, हेल्दी फैट्स, बायोटिन, कॉपर, नियासिन, फॉलेट, मैंगनीज, विटामिन ई, थायमिन, फास्फोरस और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं। ये मांसपेशियों की मरम्मत, दिल की सेहत और त्वचा की चमक बनाए रखने में मदद करते हैं।
भुने चने में पाए जाने वाले पोषक तत्व
भुना चना प्रोटीन, फाइबर, आयरन, जिंक, फोलेट, मैग्नीशियम और अन्य आवश्यक विटामिन्स का अच्छा स्रोत है। इसमें कम कैलोरी होने के कारण यह वजन प्रबंधन में सहायक होता है और पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है।
मूंगफली के फायदे
- प्रोटीन से भरपूर होने के कारण मांसपेशियों की मरम्मत में मदद।
- मोनोअनसैचुरेटेड और पॉलीअनसैचुरेटेड फैट दिल की सेहत बनाए रखने में सहायक।
- फाइबर, विटामिन ई और बी से पाचन और त्वचा को हेल्दी रखना।
भुने चने के फायदे
- अधिक फाइबर होने के कारण पाचन में मदद करता है।
- प्रोटीन और आयरन से मांसपेशियों का निर्माण और खून की कमी दूर होती है।
- कम कैलोरी होने के कारण वेट मैनेजमेंट में लाभकारी।
एक्सपर्ट की राय
नोएडा के मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की क्लीनिकल नुट्रिशन हेड डॉ. करुणा चतुर्वेदी के अनुसार, भुने चने में मूंगफली की तुलना में ज्यादा फाइबर पाया जाता है, जबकि मूंगफली में हेल्दी फैट अधिक होता है। दोनों ही विकल्प सेहत के लिए लाभकारी हैं, लेकिन वजन घटाने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए भुना चना ज्यादा उपयुक्त है। वहीं, दिल की सेहत को सुधारने में मूंगफली मदद कर सकती है।
