Featuredखेलछत्तीसगढ़

Para Asian Games 2026: जापान में छत्तीसगढ़ का परचम, बिलासपुर के अभिजीत सखूजा ने जीता कांस्य पदक

Para Asian Games 2026: जापान में आयोजित पैरा एशियन गेम्स 2026 में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। 18 से 24 अक्टूबर तक आयोजित हो रहे इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में अभिजीत ने शुरुआत से ही बेहतरीन खेल दिखाया और कई मजबूत खिलाड़ियों को हराकर पदक अपने नाम किया।

Para Asian Games 2026

अभिजीत की इस उपलब्धि के साथ ही वह छत्तीसगढ़ के सबसे युवा पैरा एशियन गेम्स मेडलिस्ट बन गए हैं। महज 21 साल की उम्र में उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।

क्वालीफाइंग राउंड में अभिजीत का शानदार प्रदर्शन

टूर्नामेंट के शुरुआती दौर से ही अभिजीत सखूजा ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने क्वालीफाइंग राउंड के तीनों मुकाबलों में एकतरफा जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।

इसके बाद प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उनका सामना चीन के खिलाड़ी चेन फेंग्फेई से हुआ। अभिजीत ने शानदार खेल दिखाते हुए उन्हें सीधे सेटों में 21-12, 21-8 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

क्वार्टर फाइनल में भारतीय खिलाड़ी को हराया

क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अभिजीत का सामना भारत के सूर्यकांत यादव से हुआ। उन्होंने अपनी शानदार लय को बरकरार रखते हुए यह मुकाबला भी सीधे सेटों में अपने नाम किया। अभिजीत ने सूर्यकांत यादव को 21-16 और 21-12 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

सेमीफाइनल में विश्व नंबर-2 खिलाड़ी से मुकाबला

सेमीफाइनल में अभिजीत सखूजा का सामना दुनिया के नंबर-2 पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी शिवकुमार नवीन से हुआ। इस मुकाबले के बाद अभिजीत ने कांस्य पदक हासिल कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई।

छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि

अभिजीत की इस सफलता को प्रदेश के खेल इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे पहले भी छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

  • हॉकी खिलाड़ी रेणुका यादव छत्तीसगढ़ की पहली महिला ओलंपियन बनीं।
  • राजनांदगांव की ज्ञानेश्वरी यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स में वेटलिफ्टिंग में सिल्वर मेडल जीता।
  • कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी ने एशियन गेम्स में भारत को गोल्ड दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
  • अब अभिजीत सखूजा ने पैरा एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

अभिजीत की सफलता से बढ़ा खिलाड़ियों का हौसला

अभिजीत सखूजा की यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। उनके प्रदर्शन ने साबित किया है कि प्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाने में सक्षम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *