Featuredछत्तीसगढ़

President Droupadi Murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंचीं रायपुर, CM विष्णुदेव साय ने किया स्वागत; जानें दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे का पूरा कार्यक्रम

Raipur: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर गुरुवार को रायपुर पहुंच गई हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

President Droupadi Murmu Chhattisgarh Visit

राष्ट्रपति के स्वागत कार्यक्रम में मंत्री विजय शर्मा, खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल, ओपी चौधरी, श्याम बिहारी जायसवाल और सांसद विजय बघेल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

राष्ट्रपति मुर्मू का यह दौरा छत्तीसगढ़ के लिए खास माना जा रहा है, क्योंकि इस दौरान वे राजधानी रायपुर के साथ-साथ बस्तर क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगी।

रायपुर में आज इन कार्यक्रमों में शामिल होंगी राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को रायपुर में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।

लोकभवन में जारी करेंगी स्मारक सिक्का

राष्ट्रपति दोपहर 12:45 बजे रायपुर स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान वे पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी।

नुआखाई पर्व कार्यक्रम में होंगी शामिल

इसके बाद शाम 4 बजे रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित नुआखाई पर्व कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

इस कार्यक्रम में वे:

  • सेवा सम्मान पर्व
  • युवा प्रबोधन कार्यक्रम
    में हिस्सा लेंगी।

दूसरे दिन जगदलपुर में मां दंतेश्वरी के करेंगी दर्शन

राष्ट्रपति मुर्मू अपने दौरे के दूसरे दिन बस्तर प्रवास पर रहेंगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार:

  • सुबह 11 बजे जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी।
  • दोपहर 12:45 बजे मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा कार्यक्रम में शामिल होंगी।

इस दौरान राष्ट्रपति मांझी-चालकी समाज के प्रतिनिधियों से संवाद भी करेंगी।

CM साय बोले- छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य का विषय

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है कि राष्ट्रपति प्रदेश के दौरे पर आ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति द्वारा 200 रुपये के स्मारक सिक्के का विमोचन किया जाएगा। इसके अलावा वे बस्तर जाएंगी और वहां आयोजित कार्यक्रम में जनता को संबोधित करेंगी।

डिप्टी CM विजय शर्मा ने बताया दौरे का महत्व

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने राष्ट्रपति के बस्तर दौरे को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि पहले भी छत्तीसगढ़ के आदिवासी समाज के लोगों को राष्ट्रपति भवन आमंत्रित किया गया था। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति से बस्तर आने का आग्रह किया गया था, जिसके बाद मुरिया दरबार में शामिल होने का निर्णय लिया गया। विजय शर्मा ने कहा कि राष्ट्रपति बस्तर में आयोजित मुरिया दरबार में शामिल होकर मांझी-चालकी समाज के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगी।

मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जताई खुशी

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राष्ट्रपति का छत्तीसगढ़ आगमन प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि बस्तर के नक्सलवाद से मुक्त होने के बाद राष्ट्रपति का वहां पहुंचना प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक अवसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *