How to Make Atta Modak: गणेशोत्सव पर घर में बनाएं बिना मैदा वाले आटा मावा मोदक जानें आसान रेसिपी
How to Make Atta Modak: गणेश चतुर्थी का त्योहार आते ही भगवान गणेश को प्रिय मोदक बनाने की तैयारी शुरू हो जाती है। बप्पा के भोग में मोदक का विशेष महत्व माना जाता है। अगर आप इस बार बाजार के मोदक की जगह घर पर शुद्ध और हेल्दी प्रसाद बनाना चाहते हैं, तो बिना मैदा वाले आटा मावा मोदक एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं।

गेहूं के आटे, मावे और देसी घी से बने ये मोदक स्वाद में बेहद लाजवाब होते हैं। इनका टेक्सचर मुलायम और स्वाद रिच होता है। आइए जानते हैं घर पर आसानी से बनने वाली आटा मावा मोदक रेसिपी।
आटा मावा मोदक बनाने के लिए सामग्री
- गेहूं का आटा – 1 कप
- खोया (मावा) – 1/2 कप (कद्दूकस किया हुआ)
- देसी घी – 4 बड़े चम्मच
- पिसी हुई चीनी या तगार – 3/4 कप
- हरी इलायची पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
- कटे हुए काजू और बादाम – 2 बड़े चम्मच
- दूध – 2 बड़े चम्मच (जरूरत के अनुसार)
आटा मावा मोदक बनाने की आसान विधि
1. आटे को भूनें
सबसे पहले एक भारी तले वाली कढ़ाई में देसी घी गर्म करें। इसमें गेहूं का आटा डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। जब आटा सुनहरा हो जाए और उसमें से अच्छी खुशबू आने लगे तो समझें कि आटा तैयार है।
2. मावा मिलाएं
अब इसमें कद्दूकस किया हुआ मावा डालें और आटे के साथ 2-3 मिनट तक धीमी आंच पर भूनें। इससे मावा और आटा अच्छी तरह मिल जाएंगे।
3. ड्राई फ्रूट्स और मिठास डालें
अब इसमें कटे हुए काजू, बादाम और इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिलाएं। गैस बंद करने के बाद मिश्रण को थोड़ा गुनगुना होने दें।इसके बाद इसमें पिसी चीनी या तगार मिलाएं। अगर मिश्रण ज्यादा सूखा लगे तो थोड़ा गुनगुना दूध डाल सकते हैं।
यह भी पढ़ें: कटे हुए नारियल को लंबे समय तक फ्रेश कैसे रखें? जानें स्टोर करने के आसान और असरदार तरीके
मोदक को शेप कैसे दें?
- मोदक के सांचे को हल्के घी से ग्रीस करें।
- तैयार मिश्रण को सांचे में भरकर मोदक का आकार दें।
- अगर सांचा नहीं है तो हाथों से गोल आकार देकर ऊपर से नुकीला शेप बना सकते हैं।
आपके स्वादिष्ट और शुद्ध आटा मावा मोदक तैयार हैं। इन्हें भगवान गणेश को भोग लगाएं और परिवार के साथ आनंद लें।
