Raipur Janmashtami 2026: राजधानी में जन्माष्टमी की धूम, 101 किलो दूध से होगा श्रीकृष्ण का अभिषेक
Raipur Janmashtami 2026: भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर राजधानी रायपुर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में रंग गई है। शहर के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

वहीं, कई स्थानों पर दही हांडी प्रतियोगिता और गोविंदाओं की टोलियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिरों में विशेष तैयारियां की गई हैं।
101 किलो दूध से होगा भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक
समता कॉलोनी स्थित राधाकृष्ण मंदिर में सुबह 7 बजे भगवान श्रीकृष्ण का 101 किलो दूध से भव्य अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद भगवान का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। सुबह 9 बजे से श्रद्धालुओं के लिए झांकी दर्शन शुरू होंगे। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। वहीं, 5 सितंबर को दोपहर 2 बजे रानी सती दादी का मंगल पाठ भी आयोजित होगा।
श्री बांके बिहारी मंदिर में भजन संध्या
नयापारा स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में सुबह 8 बजे से दूध अभिषेक, 11:30 बजे श्रृंगार दर्शन और दोपहर 3 बजे भजन कार्यक्रम आयोजित होगा। शाम 7 बजे प्रसिद्ध भजन गायक कैलाश सोनी और उनकी टीम भजन संध्या प्रस्तुत करेगी।
सुहागा मंदिर में होंगे विशेष धार्मिक आयोजन
ब्राह्मणपारा स्थित श्री राधाकृष्ण स्वामी मुरली मनोहर सुहागा मंदिर में रात 8 बजे से मध्यरात्रि तक भजन, पूजा, आरती और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
501 लीटर दूध से होगा दुग्धाभिषेक
जवाहर नगर स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर में सुबह 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ 501 लीटर दूध से भगवान का दुग्धाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद भोग, आरती और प्रसाद वितरण होगा। 5 सितंबर को यहां नंदोत्सव भी मनाया जाएगा।
दही हांडी और झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र
राजधानी के कई चौक-चौराहों पर दही हांडी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। गोविंदा पथक मानव पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ेंगे। मंदिरों में सजी भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे।
