CG Weather Today: रायपुर-मुंगेली में झमाझम बारिश, अगले 24 घंटे सरगुजा संभाग में भारी वर्षा का अलर्ट
CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान रायपुर और मुंगेली सहित कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।

रायपुर और मुंगेली में जमकर बरसे बादल
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में रायपुर शहर में 12 सेमी बारिश दर्ज की गई। वहीं पथरिया में 16 सेमी, लोरमी में 11 सेमी, लाभांडी और लालपुर में 10-10 सेमी, भाटापारा, मुंगेली और सिमगा में 9-9 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।इसके अलावा तखतपुर और बागबाहरा में 8-8 सेमी, जबकि डोंगरगढ़, उसूर, सुहेला, छुरिया, सकरी और लोहांडीगुड़ा समेत कई क्षेत्रों में 7 सेमी तक वर्षा हुई। कुरूद, कसडोल, वाड्रफनगर, भिलाई, बेलतरा और घरघोड़ा में 6 सेमी बारिश दर्ज की गई।
अगले 24 घंटे इन इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश से लगे उत्तर छत्तीसगढ़ (सरगुजा संभाग) के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश का तापमान
- सर्वाधिक अधिकतम तापमान: 30.8°C (अंबिकापुर)
- सबसे कम न्यूनतम तापमान: 22.4°C (पेंड्रारोड)
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
