Featuredछत्तीसगढ़

GGU Bilaspur: छात्रों के विरोध के बाद BA-LLB 6th सेमेस्टर का री-एग्जाम रद्द, विश्वविद्यालय ने वापस लिया फैसला

GGU Bilaspur: गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) ने छात्रों के विरोध के बाद BA-LLB छठवें सेमेस्टर की री-एग्जाम परीक्षा कराने का फैसला वापस ले लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के इस फैसले से छात्रों को बड़ी राहत मिली है। छात्रों ने पर्याप्त तैयारी का समय नहीं मिलने का हवाला देते हुए दोबारा परीक्षा कराने का विरोध किया था।

GGU Bilaspur


री-एग्जाम के फैसले का छात्रों ने किया था विरोध

विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा अचानक BA-LLB 6th Semester की परीक्षा दोबारा कराने का नोटिफिकेशन जारी किए जाने के बाद छात्रों में भारी नाराजगी देखने को मिली। छात्रों का कहना था कि परीक्षा की तैयारी के लिए उन्हें पर्याप्त समय नहीं दिया गया, जिससे दोबारा परीक्षा देना उनके लिए संभव नहीं है।

इस मुद्दे को लेकर छात्रों ने पहले विभागाध्यक्ष से चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया, लेकिन जब कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला तो उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन के सामने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

उग्र आंदोलन की दी थी चेतावनी

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि री-एग्जाम का नोटिफिकेशन वापस नहीं लिया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। छात्रों के लगातार विरोध और बढ़ते दबाव को देखते हुए अंततः गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रशासन ने री-एग्जाम का आदेश रद्द करने की घोषणा कर दी।

पेपर लीक जांच के बाद लिया गया था फैसला

गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले BA-LLB परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक मामले की जांच के लिए विश्वविद्यालय ने पांच सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी का गठन किया था। कमेटी ने 6 जून को अपनी जांच रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपी थी। इसके बाद प्रशासन ने परीक्षा को निरस्त करते हुए री-एग्जाम कराने का निर्णय लिया था। हालांकि छात्रों के विरोध के बाद अब इस निर्णय को वापस ले लिया गया है।

छात्रों को मिली बड़ी राहत

विश्वविद्यालय प्रशासन के फैसले से BA-LLB के छात्रों ने राहत की सांस ली है। छात्रों का कहना है कि बिना पर्याप्त तैयारी के दोबारा परीक्षा कराना उनके साथ अन्याय होता। फिलहाल विश्वविद्यालय ने री-एग्जाम से संबंधित नोटिफिकेशन निरस्त कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *