Punctuality BZA App: 15 मिनट लेट हुई ट्रेन तो मिलेगा अलर्ट, भारतीय रेलवे का ‘Punctuality BZA’ ऐप लॉन्च, ट्रेनों की रियल-टाइम निगरानी होगी आसान
Punctuality BZA App: भारतीय रेलवे ने ट्रेनों की समयबद्धता (Punctuality) सुधारने और ट्रेन संचालन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने ‘Punctuality BZA’ नाम का पहला एंड्रॉयड आधारित मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। इस ऐप को साउथ कोस्ट रेलवे के विजयवाड़ा मंडल ने विकसित किया है, जिसका उद्देश्य ट्रेनों की देरी पर रियल-टाइम निगरानी रखना और अधिकारियों को तुरंत अलर्ट उपलब्ध कराना है।

रेलवे का यह नया डिजिटल प्लेटफॉर्म अधिकारियों को कहीं से भी ट्रेनों की लाइव स्थिति देखने, देरी का विश्लेषण करने और समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने में मदद करेगा।
15 मिनट से ज्यादा लेट हुई ट्रेन तो मिलेगा तुरंत अलर्ट
इस ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यदि कोई ट्रेन 15 मिनट या उससे अधिक देरी से चल रही होगी तो संबंधित रेलवे अधिकारियों को तुरंत नोटिफिकेशन प्राप्त होगा। इससे देरी के कारणों की तुरंत पहचान कर परिचालन व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा।
एक ही डैशबोर्ड पर मिलेगी पूरी जानकारी
‘Punctuality BZA’ ऐप में रेलवे अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही स्क्रीन पर उपलब्ध होंगी, जैसे—
- ट्रेनों की रियल-टाइम लोकेशन
- विभिन्न रेल सेक्शनों में ट्रेनों की स्थिति
- लेट चल रही ट्रेनों की सूची
- समय पर चलने वाले ट्रेनों के आंकड़े
- रास्ते में छूटी हुई ट्रेनों की जानकारी
- ट्रेन संचालन से जुड़ी रिपोर्ट
इससे कंट्रोल रूम और फील्ड अधिकारियों को बार-बार अलग-अलग पोर्टल खोलने की आवश्यकता नहीं होगी।
यह भी पढ़ें: RRB Vacancy 2026: रेलवे में 6557 टेक्नीशियन पदों पर भर्ती शुरू
पुराने सिस्टम की परेशानियां होंगी खत्म
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यह ऐप पुराने ICMS वेब पोर्टल की कई समस्याओं का समाधान करेगा। पहले अलग-अलग मॉड्यूल में जाने और बार-बार OTP के जरिए लॉगिन करना पड़ता था, जिससे समय अधिक लगता था। अब एक ही प्लेटफॉर्म पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
LTM BZA सिस्टम से भी जुड़ा है ऐप
नया ऐप लेट ट्रेन मॉनिटरिंग (LTM BZA) सिस्टम से भी इंटीग्रेट किया गया है। इस सिस्टम की मदद से ट्रेन मैनेजरों के लिए आवश्यक रिकॉर्ड और परिचालन दस्तावेज स्वतः तैयार होंगे। साथ ही रेलवे अधिकारी किसी भी परिचालन समस्या की पहचान तेजी से कर सकेंगे।
रेलवे संचालन होगा और अधिक स्मार्ट
रेलवे का मानना है कि यह ऐप ट्रेनों की समयबद्धता बढ़ाने, परिचालन में पारदर्शिता लाने और यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भविष्य में इस तरह की डिजिटल तकनीकों के जरिए रेलवे नेटवर्क को और अधिक स्मार्ट और आधुनिक बनाया जाएगा।
