Featuredछत्तीसगढ़

Raipur News: मुहर्रम पर ताजिया जुलूस को लेकर रायपुर में ट्रैफिक अलर्ट, जानिए किन रास्तों पर रहेगी रोक और कौन से होंगे डायवर्ट रूट

Raipur News: राजधानी रायपुर में मुहर्रम के अवसर पर आज हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में ताजिया जुलूस निकाला जाएगा। पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और रायपुर पुलिस ने विशेष सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था लागू की है। जुलूस के चलते दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। ऐसे में नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।

Raipur Traffic Alert


इन इलाकों से निकलेगा ताजिया जुलूस

रायपुर के राजातालाब, मोमीनपारा, अमीनपारा, छोटापारा, बैजनाथपारा, नेहरू नगर, संजय नगर और टिकरापारा सहित कई क्षेत्रों से ताजिया जुलूस निकाला जाएगा। सभी जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए चौबे कॉलोनी स्थित करबला तालाब में जाकर समाप्त होंगे।

ताजिया जुलूस का मुख्य रूट

मुख्य जुलूस नूरानी चौक से शुरू होकर पंडरी बस स्टैंड, मरही माता चौक, मौदहापारा मस्जिद गली, गुरुनानक चौक, राठौर चौक, रामसागर पारा, बढ़ई पारा, मोमीनपारा, आजाद चौक, आमापारा और आरकेसी भवन के सामने से गुजरते हुए करबला तालाब, चौबे कॉलोनी पहुंचेगा।

इन वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग

रायपुर पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार—

  • रायपुर शहर से दुर्ग-भिलाई जाने वाले वाहन शास्त्री चौक से महिला थाना चौक, कालीबाड़ी चौक, पचपेड़ी नाका होते हुए रिंग रोड-1 का उपयोग करें।
  • जीई रोड पर चलने वाली सिटी बसें शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक की बजाय कालीबाड़ी चौक और रिंग रोड-1 के रास्ते संचालित होंगी।
  • टाटीबंध से शहर आने वाले वाहन टाटीबंध चौक से रिंग रोड-1 या एनआईटी होकर डंगनिया गोल चौक की ओर डायवर्ट किए जाएंगे।
  • पुरानी बस्ती, लाखेनगर, सुंदर नगर और डंगनिया की ओर जाने वाले लोग कालीबाड़ी चौक से संतोषी नगर जलगृह मार्ग और भाठागांव चौक का उपयोग कर सकते हैं।

इन मार्गों पर रहेगा प्रवेश प्रतिबंधित

जुलूस के दौरान आजाद चौक से आश्रम तिराहा और चौबे कॉलोनी तक जीई रोड से जुड़ने वाले सभी संपर्क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इन मार्गों से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों की ओर मोड़ा जाएगा।

रायपुर पुलिस की अपील

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक शास्त्री चौक से चौबे कॉलोनी टर्निंग तक जीई रोड का उपयोग न करें। यदि अत्यंत आवश्यक न हो तो वैकल्पिक मार्ग अपनाएं और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि मुहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *