Virat Kohli Instagram Account Deactivated: विराट कोहली का 270 मिलियन फॉलोअर्स वाला Instagram अकाउंट डीएक्टिवेट, फैंस के बीच मचा हड़कंप
Virat Kohli Instagram Account Deactivated: भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए शुक्रवार की सुबह एक चौंकाने वाली खबर सामने आई। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट अचानक डीएक्टिवेट हो गया, जिससे सोशल मीडिया पर हलचल मच गई।

30 जनवरी की सुबह से ही विराट कोहली का 270 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स वाला वेरिफाइड इंस्टाग्राम अकाउंट सर्च करने पर नजर नहीं आ रहा है। अकाउंट खोलने की कोशिश करने पर यूजर्स को “Profile not available” का मैसेज दिख रहा है। इस अचानक हुए घटनाक्रम को लेकर न तो विराट कोहली, न उनकी टीम और न ही इंस्टाग्राम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है।
जानबूझकर या तकनीकी गड़बड़ी?
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट खुद से डीएक्टिवेट किया गया है, यह अस्थायी रूप से बंद हुआ है या फिर कोई तकनीकी समस्या सामने आई है। अकाउंट के अचानक गायब होने से फैंस असमंजस में हैं और सोशल मीडिया पर लगातार सवाल पूछ रहे हैं।
विराट कोहली के भाई का अकाउंट भी गायब
इस मामले को और रहस्यमयी बनाते हुए, विराट कोहली के भाई विकास कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट भी शुक्रवार सुबह से सर्च में दिखाई नहीं दे रहा है। उनके प्रोफाइल पर भी वही “Profile not available” का मैसेज दिख रहा है, जिससे फैंस की चिंता और बढ़ गई है।
सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रिया
विराट कोहली के इंस्टाग्राम अकाउंट के डीएक्टिवेट होते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कुछ फैंस ने चिंता जताई, तो कुछ ने इसे हैरानी भरा बताया। कई यूजर्स ने अनुष्का शर्मा के इंस्टाग्राम पोस्ट पर कमेंट कर पूछा – “भाभी, विराट भैया का अकाउंट कहां गया?”
X (Twitter) अकाउंट अभी भी एक्टिव
हालांकि, राहत की बात यह है कि विराट कोहली का X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट अभी भी सक्रिय है। इस घटना का फिलहाल उनके प्रोफेशनल करियर या क्रिकेट गतिविधियों पर कोई असर नहीं दिख रहा है। 37 वर्षीय विराट कोहली हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद लंदन से लौटे हैं। उम्मीद की जा रही है कि वह आगामी IPL 2026 सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए मैदान पर उतरेंगे।
