Teacher Suspension: नशे में स्कूल पहुंचे शिक्षक निलंबित प्रधानपाठक और सहायक शिक्षक पर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई
Teacher Suspension: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में शिक्षा विभाग में बड़ी कार्रवाई की गई है। स्कूल समय में शराब के नशे में पाए जाने पर प्राथमिक शाला बाला के प्रधानपाठक पारस राम वर्मा और सहायक शिक्षक मेहीलाल सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

यह कार्रवाई कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देश पर की गई। जानकारी के अनुसार सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें दोनों शिक्षक ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में पाए गए।
जांच में हुई पुष्टि
निरीक्षण के दौरान मौके पर पंचनामा तैयार कर दोनों शिक्षकों के बयान दर्ज किए गए, जिसमें उन्होंने शराब सेवन की बात स्वीकार की। इसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ ले जाया गया, जहां मेडिकल जांच में भी शराब पीने की पुष्टि हुई।
नियमों के तहत कार्रवाई
जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने दोनों शिक्षकों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 एवं 23 का उल्लंघन करने का दोषी पाया। इसके तहत छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के अंतर्गत तत्काल निलंबन का आदेश जारी किया गया।
निलंबन के दौरान व्यवस्था
निलंबन अवधि में दोनों शिक्षकों का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर कार्यालय निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
प्रशासन का सख्त संदेश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय सेवा के दौरान अनुशासनहीनता और लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
