Sports News: 3 बार पहली ही गेंद पर छक्का, अभिषेक शर्मा ने बनाया अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड
Sports News: क्रिकेट की दुनिया में आए दिन रिकॉर्ड बनते और टूटते रहते हैं, लेकिन कुछ रिकॉर्ड ऐसे होते हैं जो इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो जाते हैं। 14 दिसंबर की रात भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने ऐसा ही एक अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड बना डाला, जिसे देखकर पूरी दुनिया हैरान रह गई।

अभिषेक शर्मा अब टी20 इंटरनेशनल में तीन बार पारी की पहली ही गेंद पर छक्का मारने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले किसी भी खिलाड़ी ने यह कारनामा नहीं किया था।
टी20 क्रिकेट का सबसे खतरनाक बैटर
महज 25 साल की उम्र में अभिषेक शर्मा ने खुद को विश्व क्रिकेट के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों की सूची में शामिल कर लिया है। वे मौजूदा समय में ICC T20 Rankings में नंबर-1 बैटर हैं। साल 2025 में अब तक 100 से ज्यादा टी20 छक्के उनके नाम हो चुके हैं, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का सबूत है।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहली गेंद पर सिक्स
तीसरे टी20 मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को 117 रनों पर समेट दिया था। छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरे अभिषेक शर्मा ने लुंगी एनगिडी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर इतिहास रच दिया। यह साल 2025 में तीसरी बार था जब उन्होंने अपनी पारी की शुरुआत छक्के से की।
कब-कब पहली गेंद पर मारा छक्का?
अभिषेक शर्मा ने 2025 में तीन बार यह कमाल किया है—
- 10 सितंबर 2025: भारत vs UAE, एशिया कप (दुबई)
- 21 सितंबर 2025: भारत vs पाकिस्तान, सुपर फोर (शाहीन अफरीदी के खिलाफ)
- 14 दिसंबर 2025: भारत vs साउथ अफ्रीका, धर्मशाला T20
इन तीनों मौकों पर उन्होंने पहली ही गेंद पर सिक्स मारकर रिकॉर्ड बुक हिला दी।
रोहित, जायसवाल और संजू भी कर चुके हैं यह कारनामा
भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में पहली गेंद पर छक्का मारने वाले पहले बल्लेबाज रोहित शर्मा थे। उन्होंने मार्च 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद में यह कमाल किया था। इसके बाद यशस्वी जायसवाल (जुलाई 2024, जिम्बाब्वे के खिलाफ) और संजू सैमसन भी यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं, लेकिन तीन बार ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी अभिषेक शर्मा बने हैं।
विराट कोहली के महारिकॉर्ड पर नजर
साल 2025 में अभिषेक शर्मा का बल्ला जमकर बोल रहा है।
- अब तक 40 टी20 मैचों में 1569 रन
- अगर वे साउथ अफ्रीका के खिलाफ बचे 2 मैचों में 46 रन और बना लेते हैं, तो विराट कोहली का रिकॉर्ड टूट जाएगा
विराट कोहली के नाम एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा टी20 रन बनाने का रिकॉर्ड है—
- 1614 रन (2016)
- 31 मैच, RCB के लिए
अब अभिषेक शर्मा इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड से बस 46 रन दूर हैं।
