Shubman Gill: गुवाहाटी जाएंगे कप्तान शुभमन गिल, दूसरे टेस्ट में खेलने पर अभी भी सस्पेंस
Shubman Gill: भारत–दक्षिण अफ्रीका टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला गुवाहाटी में खेला जाएगा। टीम इंडिया के लिए राहत वाली खबर यह है कि कप्तान शुभमन गिल टीम के साथ गुवाहाटी रवाना होंगे। बीसीसीआई ने इसकी आधिकारिक पुष्टि कर दी है। हालांकि दूसरे टेस्ट मैच में गिल के खेलने को लेकर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

तेजी से रिकवर कर रहे हैं गिल – BCCI अपडेट
बीसीसीआई ने मेडिकल अपडेट जारी करते हुए बताया कि शुभमन गिल तेजी से रिकवरी कर रहे हैं और 19 नवंबर को टीम के साथ यात्रा करेंगे। क्रिकेट बोर्ड की मेडिकल टीम उन पर लगातार नजर बनाए हुए है। हालांकि बोर्ड ने यह भी साफ कहा है कि गिल तभी खेलेंगे जब वे पूरी तरह फिट होंगे। गिल के मैदान से बाहर रहने की स्थिति में ऋषभ पंत कप्तानी करते रहेंगे।
कैसे लगी चोट?
कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन शुभमन गिल वाशिंगटन सुंदर के आउट होने के बाद क्रीज पर आए। साइमन हार्मर की गेंद पर स्लॉग स्वीप खेलते समय गिल का शरीर असंतुलित हो गया और यही हरकत उनके लिए चोट का कारण बन गई। शॉट खेलने के बाद गिल की गर्दन में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद फिजियो मैदान पर आए और उन्हें तुरंत बाहर ले जाया गया। गिल दर्द की वजह से अपना हाथ गर्दन पर रखकर धीरे-धीरे ड्रेसिंग रूम की ओर लौटे।
