Sai Cabinet Meeting : होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात, अंतर की राशि एकमुश्त खाते में आएगी
Sai Cabinet Meeting 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन, रायपुर में हुई कैबिनेट बैठक में किसानों के हित में बड़ा फैसला लिया गया है। सरकार ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल के मान से अंतर की राशि होली से पहले एकमुश्त भुगतान करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से प्रदेश के लाखों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

किसानों को मिलेगा लगभग 10 हजार करोड़ रुपये
कैबिनेट के निर्णय के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से कुल 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित कृषक उन्नति योजना के तहत धान के मूल्य के अंतर की राशि के रूप में करीब 10 हजार करोड़ रुपये का भुगतान होली से पहले किसानों के खातों में ट्रांसफर किया जाएगा। गौरतलब है कि राज्य सरकार प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी ₹3100 प्रति क्विंटल के हिसाब से कर रही है, जो देश में सर्वाधिक माना जा रहा है।
दो वर्षों में 25 हजार करोड़ का भुगतान
सरकार के अनुसार पिछले दो वर्षों में कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को धान के मूल्य के अंतर के रूप में 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है। इस वर्ष होली से पहले 10 हजार करोड़ रुपये के भुगतान के बाद कुल राशि बढ़कर 35 हजार करोड़ रुपये हो जाएगी।
बजट और विधानसभा सत्र को भी मिली मंजूरी
कैबिनेट बैठक में अन्य महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए:
- छत्तीसगढ़ की षष्ठम विधानसभा के अष्टम सत्र (फरवरी-मार्च 2026) के लिए राज्यपाल के अभिभाषण का अनुमोदन।
- वर्ष 2026-27 के बजट अनुमान को विधानसभा में पेश करने के लिए छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2026 के प्रारूप को मंजूरी।
होली से पहले किसानों के लिए बड़ी राहत
सरकार का यह फैसला किसानों के लिए त्योहार से पहले बड़ी आर्थिक राहत माना जा रहा है। एकमुश्त भुगतान से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
