Featuredछत्तीसगढ़

Sai Cabinet Meeting: साल के आखिरी दिन होगी साय कैबिनेट की अहम बैठक, कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

Sai Cabinet Meeting: छत्तीसगढ़ की साय सरकार साल के अंतिम दिन एक अहम मंत्रिपरिषद बैठक करने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में यह कैबिनेट बैठक 31 दिसंबर को सुबह 11 बजे मंत्रालय स्थित महानदी भवन में आयोजित होगी। बैठक में राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी और अनेक बड़े फैसलों पर मुहर लग सकती है।

कैबिनेट बैठक को लेकर मुख्य सचिव विकास शील ने सभी विभाग प्रमुखों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। माना जा रहा है कि वर्ष के अंतिम दिन होने वाली यह बैठक प्रशासनिक और नीतिगत दृष्टि से काफी अहम होगी।

10 दिसंबर की पिछली कैबिनेट बैठक के प्रमुख फैसले

इससे पहले 10 दिसंबर को हुई साय कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई थी। मंत्रिपरिषद ने आत्मसमर्पित नक्सलियों के विरुद्ध दर्ज आपराधिक प्रकरणों के निराकरण और वापसी की प्रक्रिया को स्वीकृति प्रदान की थी, जिसे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापना की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

इसके साथ ही राज्य के कानूनों को समयानुकूल और नागरिकों के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से 14 अधिनियमों में संशोधन हेतु छत्तीसगढ़ जन विश्वास (प्रावधानों का संशोधन) (द्वितीय) विधेयक, 2025 के प्रारूप को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी थी।

अनुपूरक अनुमान को भी मिली स्वीकृति

साय कैबिनेट ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रथम अनुपूरक अनुमान को विधानसभा में प्रस्तुत करने के लिए छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक, 2025 को भी अनुमोदन प्रदान किया था। अब 31 दिसंबर को होने वाली कैबिनेट बैठक से एक बार फिर राज्य के विकास, प्रशासनिक सुधार और जनहित से जुड़े कई बड़े फैसलों की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *