Rinku Singh Father Death: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह के पिता का निधन, लिवर कैंसर से जूझ रहे थे
Rinku Singh Father Death: टी20 वर्ल्ड कप के बीच भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज Rinku Singh पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता Khanchandra Singh का स्टेज-4 लिवर कैंसर से लंबी जंग के बाद निधन हो गया। इस खबर से क्रिकेट जगत में शोक की लहर है।

ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में ली अंतिम सांस
रिंकू सिंह के पिता पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार थे। उन्हें Greater Noida के यथार्थ हॉस्पिटल-ओमेगा-1 में भर्ती कराया गया था, जहां वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उन्होंने 27 फरवरी सुबह करीब 5 बजे अंतिम सांस ली। डॉक्टरों की लगातार कोशिशों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका। वे क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती थे और उन्हें लगातार रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी दी जा रही थी।
टूर्नामेंट के बीच घर लौटे रिंकू
पिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही रिंकू सिंह टीम कैंप छोड़कर चेन्नई से दिल्ली और फिर परिवार के पास पहुंचे थे। हालांकि, 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच के लिए वे टीम से दोबारा जुड़ गए थे। चेन्नई में हुए मुकाबले में उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला और उनकी जगह संजू सैमसन को शामिल किया गया। हालांकि रिंकू फील्डिंग के दौरान मैदान पर नजर आए थे।
प्रदर्शन पर भी था दबाव
इस टी20 वर्ल्ड कप में रिंकू सिंह का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।
- 5 पारियों में 29 गेंदें
- कुल 24 रन
- पाकिस्तान के खिलाफ 4 गेंदों पर नाबाद 11 रन
अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ वे सिंगल डिजिट पर आउट हुए, जबकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ खाता भी नहीं खोल सके। बल्लेबाजी क्रम में नीचे होने के कारण उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले।
कठिन दौर से गुजर रहे रिंकू
रिंकू सिंह के लिए यह समय व्यक्तिगत और पेशेवर दोनों स्तर पर बेहद चुनौतीपूर्ण है। एक ओर पारिवारिक शोक, दूसरी ओर वर्ल्ड कप का दबाव—ऐसे में उनके आगे के मैचों में खेलने को लेकर भी सस्पेंस बना हुआ है। क्रिकेट प्रेमी और फैंस सोशल मीडिया पर रिंकू और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
