Rajpal Yadav: चेक-बाउंस केस में राजपाल यादव को अंतरिम जमानत, भतीजी की शादी में शामिल होने की मिली अनुमति
नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता Rajpal Yadav को चेक-बाउंस मामले में बड़ी राहत मिली है। दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें अंतरिम जमानत देते हुए भतीजी की शादी में शामिल होने की अनुमति दे दी है। अभिनेता को 18 मार्च तक के लिए राहत दी गई है। राजपाल यादव 5 फरवरी को दिल्ली की Tihar Jail में सरेंडर करने के बाद न्यायिक हिरासत में थे।

1.5 करोड़ रुपये की डिमांड ड्राफ्ट जमा करने का निर्देश
दिल्ली हाई कोर्ट ने अंतरिम जमानत के लिए प्रतिवादी के नाम पर 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट (DD) जमा करने का अल्टीमेटम दिया था। कोर्ट ने कहा था कि यदि दोपहर 3 बजे तक राशि जमा कर दी जाती है, तो अभिनेता को रिहा किया जाएगा।
राजपाल यादव के वकील ने कोर्ट को सूचित किया कि 1.5 करोड़ रुपये की डीडी जमा कर दी गई है। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें अंतरिम राहत प्रदान की। साथ ही, अभिनेता को अपना पासपोर्ट जमा कराने का आदेश भी दिया गया है। मामले की अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी।
5 फरवरी को किया था सरेंडर
हाई कोर्ट के निर्देश के बाद राजपाल यादव ने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था। सरेंडर से पहले उनका एक बयान सामने आया था, जिसमें उन्होंने आर्थिक संकट की बात कही थी उनके मैनेजर गोल्डी जैन के अनुसार, बॉलीवुड के कई कलाकारों ने उनकी आर्थिक मदद की, जिनमें Salman Khan, Sonu Sood, Ajay Devgn, Varun Dhawan और फिल्ममेकर David Dhawan शामिल बताए गए हैं।
क्या है पूरा मामला?
राजपाल यादव ने साल 2012 में अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म Ata Pata Laapata के लिए दिल्ली की कंपनी मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये उधार लिए थे। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही और ऋण राशि वापस न कर पाने पर मामला अदालत तक पहुंच गया। साल 2018 में मैजिस्ट्रेट कोर्ट ने उन्हें और उनकी पत्नी को नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत दोषी ठहराते हुए छह महीने की सादा जेल की सजा सुनाई थी।
2019 में सेशन कोर्ट ने सजा बरकरार रखी। जून 2024 में हाई कोर्ट ने सजा निलंबित कर बकाया राशि (जो बढ़कर करीब 9 करोड़ रुपये हो गई थी) चुकाने के निर्देश दिए थे। लेकिन 2 फरवरी को कोर्ट ने पाया कि भुगतान को लेकर दिए गए आश्वासन पूरे नहीं किए गए, जिसके बाद सरेंडर का आदेश दिया गया।
आगे क्या?
अब 18 मार्च को मामले की अगली सुनवाई होगी। फिलहाल अभिनेता को भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए अंतरिम राहत मिल गई है।
