Featuredछत्तीसगढ़

Raipur Sports Festival: रायपुर सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ, 85 हजार खिलाड़ियों की ऐतिहासिक भागीदारी

Raipur Sports Festival: राजधानी रायपुर के नेताजी सुभाष स्टेडियम में तीन दिवसीय रायपुर सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ “हम खेलेंगे, हिंदुस्तान खेलेगा” के उद्घोष के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 85 हजार से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता ने इस आयोजन को देश का सबसे बड़ा सांसद खेल महोत्सव बना दिया है।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि रायपुर लोकसभा क्षेत्र की नौ विधानसभाओं—रायपुर दक्षिण, पश्चिम, उत्तर, ग्रामीण, आरंग, अभनपुर, धरसीवा, भाटापारा और बलौदाबाजार—में आयोजित इस महोत्सव में कुश्ती, कबड्डी, खो-खो, गेड़ी दौड़, भारोत्तोलन, फुगड़ी, रस्सी कूद, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, शतरंज, तैराकी सहित कई खेलों में खिलाड़ियों ने भाग लिया। मेगा फाइनल में 5 हजार से अधिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

खेल प्रतिभाओं को मंच देना उद्देश्य

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं। सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच देना, युवाओं को नशे और कुप्रवृत्तियों से दूर रखना और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रेरित करना है।

‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ का जमीनी स्वरूप

उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ अभियान का जमीनी स्वरूप है। महिला खिलाड़ियों और ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों की बड़ी भागीदारी ने इस आयोजन को समावेशी भारत का सशक्त उदाहरण बना दिया है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान NCC कैडेट्स द्वारा मार्चपास्ट, मां दंतेश्वरी अखाड़ा के युवाओं और स्कूली विद्यार्थियों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने समारोह को भव्य बना दिया। स्टेडियम में मौजूद हजारों खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

24 दिसंबर को मनोज तिवारी की प्रस्तुति

24 दिसंबर को सुप्रसिद्ध गायक एवं भाजपा सांसद मनोज तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे। वहीं, खेल जगत में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ खिलाड़ियों और कोचों को सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *