सारंगढ़-बिलाईगढ़ में बारिश का कहर: कार तेज बहाव में बही, तीन लोगों ने कूदकर बचाई जान
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में बारिश का कहर
छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। नदी-नाले उफान पर हैं और कई सड़कों का अस्तित्व तक मिट गया है। इसी बीच विक्रमपाली के पास एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक स्विफ्ट कार तेज बहाव में बह गई। गनीमत रही कि कार में सवार तीनों लोगों ने खिड़की से छलांग लगाकर तैरकर अपनी जान बचाई।

कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, उड़ीसा से आ रही कार सोमवार देर रात बरमकेला ब्लॉक के विक्रमपाली नाले को पार करने की कोशिश कर रही थी। उस वक्त नाला पुल के ऊपर से बह रहा था। अचानक तेज धार में कार का संतुलन बिगड़ा और वह पानी में बहने लगी।
कार बेकाबू होते ही उसमें सवार तीन लोगों ने हिम्मत दिखाई और तुरंत खिड़की से कूद पड़े। उन्होंने तैरकर किसी तरह किनारे पहुंचकर जान बचाई। स्थानीय लोगों ने बताया कि थोड़ी भी देर होने पर यह हादसा बड़ा रूप ले सकता था।
लगातार बारिश से बिगड़े हालात
लगातार हो रही बारिश से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कई पुल-पुलिया डूब चुके हैं और कई गांवों का संपर्क कट गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव के दौरान नाले-नदियों को पार करने की कोशिश न करें।
प्रशासन की चेतावनी
प्रशासन का कहना है कि जरूरत पड़ने पर राहत दल तैनात किए जाएंगे। फिलहाल, घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सतर्कता बरत रहे हैं। इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
