PM CG VISIT: प्रधानमंत्री 28 नवंबर को छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे, नए स्पीकर हाउस में रुकेंगे दो रात
PM CG VISIT: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 नवंबर को शाम लगभग 7:30 बजे विशेष विमान से रायपुर पहुंचेंगे। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान वे नवा रायपुर स्थित नए स्पीकर हाउस में दो रात ठहरेंगे और 30 नवंबर को शाम करीब 5:30 बजे दिल्ली लौटेंगे।

पीएम मोदी नवा रायपुर स्थित आईआईएम परिसर में होने वाले 60वें अखिल भारतीय डीजीपी–आईजीपी सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। दो दिनों तक चलने वाले इस उच्चस्तरीय सम्मेलन में वे आंतरिक सुरक्षा, नक्सलवाद, आतंकवाद, सीमाई सुरक्षा और साइबर सुरक्षा जैसे अहम विषयों पर चर्चा में शामिल होंगे।
केंद्र के वरिष्ठ अधिकारी भी होंगे शामिल
इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में देशभर से करीब 300 शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे, जिनमें सभी राज्यों के पुलिस महानिदेशक (DGPs), अर्धसैनिक बलों के महानिदेशक और अतिरिक्त महानिदेशक शामिल हैं।
नवा रायपुर में तैयारियां तेज
आईआईएम नवा रायपुर परिसर में आयोजित होने वाले इस हाईप्रोफाइल कार्यक्रम की तैयारियाँ पिछले तीन महीनों से जारी हैं। पुलिस और प्रशासन द्वारा सुरक्षा प्रबंधन, आगंतुक अधिकारियों के आवास, यातायात नियंत्रण और कार्यक्रम समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में नया रायपुर स्थित भाजपा कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) के संभावित दौरे की भी चर्चा है, हालांकि इस पर पीएमओ से अभी अंतिम पुष्टि नहीं मिली है।
नक्सल क्षेत्र को लेकर संवेदनशील बैठक
छत्तीसगढ़ में जारी तेज़ नक्सल विरोधी अभियानों के बीच यह सम्मेलन बेहद अहम माना जा रहा है। इसमें नक्सलवाद के साथ-साथ आधुनिक सुरक्षा रणनीतियों पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी।
