Nothing First India Flagship Store: बेंगलुरु में खुला पहला ऑफलाइन स्टोर, रील मेकर्स के लिए खास स्टूडियो
Nothing First India Flagship Store: स्मार्टफोन ब्रांड Nothing ने भारतीय बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत करते हुए बेंगलुरु के इंदिरानगर में अपना पहला फ्लैगशिप ऑफलाइन स्टोर खोल दिया है। ऑफलाइन रिटेल में यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब Vivo और Oppo पहले से ही अपने फिजिकल स्टोर्स के जरिए मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं। Apple के आक्रामक रिटेल विस्तार के बाद अब Nothing ने भी भारत में अपने ब्रांड एक्सपीरियंस को नए स्तर पर ले जाने की रणनीति अपनाई है।

बेंगलुरु में ही क्यों खुला पहला स्टोर?
Nothing के सीईओ Carl Pei के मुताबिक, भारत कंपनी के सबसे बड़े बाजारों में से एक है और बेंगलुरु में Nothing के सबसे ज्यादा यूजर्स मौजूद हैं। बेंगलुरु की मजबूत टेक कम्युनिटी और कंटेंट क्रिएटर्स की बड़ी संख्या को देखते हुए कंपनी ने यहीं से अपने फ्लैगशिप स्टोर की शुरुआत की। कार्ल पेई ने संकेत दिया कि आगे और स्टोर्स खोलने का फैसला इस बेंगलुरु फॉर्मेट की सफलता पर निर्भर करेगा। कंपनी की रणनीति ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों चैनलों को संतुलित रखने की है।
5032 स्क्वेयर फीट में फैला एक्सपीरियंस स्टोर
बेंगलुरु के इंदिरानगर में स्थित यह दोमंजिला स्टोर करीब 5032 स्क्वेयर फीट में फैला हुआ है।
यह सिर्फ एक सेल्स आउटलेट नहीं बल्कि एक एक्सपीरियंस सेंटर है, जहां:
- ग्राहक खरीदने से पहले डिवाइस को लाइव टेस्ट कर सकते हैं
- वॉटर रेसिस्टेंस डेमो जोन उपलब्ध है
- यूएसबी पोर्ट स्ट्रेंथ टेस्ट जोन
- स्क्रैच टेस्ट एरिया
- अनबॉक्सिंग से पहले मॉडल देखने की सुविधा
रील और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए खास स्टूडियो
Nothing के इस स्टोर की सबसे बड़ी खासियत है – कंटेंट क्रिएटर्स के लिए समर्पित स्टूडियो स्पेस। कार्ल पेई के अनुसार, इस स्टोर का उद्देश्य सिर्फ बिक्री बढ़ाना नहीं बल्कि ऐसा स्पेस बनाना है जहां लोग फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर करें। यह कदम साफ दिखाता है कि कंपनी Gen-Z और डिजिटल क्रिएटर इकोसिस्टम पर खास फोकस कर रही है।
ऑफलाइन रिटेल की नई रणनीति
हालांकि Nothing पहले भी मल्टी-ब्रांड ऑफलाइन स्टोर्स के जरिए अपने स्मार्टफोन बेच रही थी, लेकिन यह पहला ब्रांडेड फ्लैगशिप स्टोर है। कंपनी का मानना है कि लॉन्ग टर्म में वही ब्रांड आगे रहेगा जो बेहतरीन यूजर एक्सपीरियंस देगा — चाहे वह ऑनलाइन हो या ऑफलाइन। इस रणनीति के जरिए Nothing भारतीय बाजार में प्रीमियम टेक ब्रांड की छवि को और मजबूत करना चाहती है।
