Muzammil Ibrahim: 21 की उम्र में किया डेब्यू, इंडस्ट्री की नाइंसाफी पर बोले एक्टर
Muzammil Ibrahim:
वेब सीरीज़ ‘स्पेशल ऑप्स’ से सुर्खियों में आए कश्मीरी एक्टर मुजम्मिल इब्राहिम ने हाल ही में अपने फिल्मी सफर और संघर्षों को लेकर बड़ा खुलासा किया है। एक्टर का कहना है कि बॉलीवुड में आउटसाइडर्स के साथ अक्सर नाइंसाफी होती है और उन्हें आगे बढ़ने से रोका जाता है।

मुजम्मिल ने बताया कि 21 साल की उम्र में पूजा भट्ट की फिल्म ‘धोखा’ से डेब्यू किया था। लेकिन सेट पर टॉक्सिक माहौल और बुरे अनुभवों ने उन्हें गहरा ट्रॉमा दिया। उन्होंने कहा – “मैंने पहले कभी ऐसे खराब शब्द या नेगेटिविटी का सामना नहीं किया था। मेरे लिए वो अनुभव बेहद ट्रॉमैटिक था, जिसका असर आज तक रहता है।”
एक्टर ने आगे कहा कि फिल्म इंडस्ट्री के कुछ लोग बाहरी कलाकारों की क्षमता पर सवाल खड़े करते हैं। “अगर आप अपने काम में अच्छे हैं तो ये लोग आपको नीचे गिराने की कोशिश करेंगे। कार्तिक आर्यन और सुशांत सिंह राजपूत जैसे टैलेंटेड एक्टर्स को भी यही सब झेलना पड़ा है।”
कश्मीरी मॉडल से एक्टर बने मुजम्मिल ने एक कॉन्टेस्ट जीतकर अपनी पहचान बनाई थी। इसके बाद वे कई हिट म्यूजिक वीडियोज में नजर आए, जिनमें राखी सावंत के साथ ‘परदेसिया’ भी शामिल है। फैंस ने उन्हें ‘पोस्टर बॉय’ का खिताब भी दिया।
एक दशक से ज्यादा का सफर तय करने के बावजूद मुजम्मिल को सीमित प्रोजेक्ट्स ही मिले। लेकिन उनका मानना है कि असली जीत स्ट्रगल के बावजूद आगे बढ़ते रहने में है।
