Featuredछत्तीसगढ़

Metro culture in Raipur: सेंध लेक में राजधानीवासी उठाएंगे ड्राइव इन मूवी का लुत्फ, पहले दिन DDLJ और Mohabbatein की होगी स्क्रीनिंग

Metro culture in Raipur: छत्तीसगढ़ में एंटरटेनमेंट का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। राजधानी रायपुर में अब मेट्रो सिटी जैसा ड्राइव इन मूवी कल्चर देखने को मिलेगा। नया रायपुर स्थित सेंध लेक ग्राउंड में पहली बार ड्राइव इन मूवी शो का आयोजन किया जा रहा है, जहां दर्शक अपनी कार में बैठकर खुले आसमान के नीचे फिल्मों का आनंद ले सकेंगे।

इस अनोखे आयोजन की शुरुआत रविवार 21 दिसंबर से होगी। पहले दिन बॉलीवुड की दो आइकॉनिक फिल्में दिखाई जाएंगी। शाम 5:45 बजे से दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे (DDLJ) की स्क्रीनिंग होगी, जो अपनी रिलीज के 30 साल पूरे कर रही है। वहीं रात 10:25 बजे से सिल्वर जुबली मना रही फिल्म मोहब्बतें (Mohabbatein) दिखाई जाएगी।

वर्ल्ड क्लास एक्सपीरियंस के साथ ड्राइव इन मूवी

ड्राइव इन मूवी शो का आयोजन MSME द फरेबिस (The Farebis) द्वारा किया जा रहा है। इसकी फाउंडर अनंता जायसवाल ने बताया कि लेक साइट पर खुले आसमान के नीचे, सितारों के बीच अपनी पसंदीदा फिल्म देखना छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए एक बिल्कुल नया और यादगार अनुभव होगा।

फिल्मों की स्क्रीनिंग विशाल एलईडी वॉल पर की जाएगी। ऑडियो को रेडियो ट्रांसमिशन के जरिए सीधे कार के एफएम सिस्टम पर सुना जा सकेगा। इसके साथ ही सराउंड साउंड का आनंद लेने के लिए फ्लोर साउंड सिस्टम की भी सुविधा होगी। यह डबल ऑडियो सिस्टम वाला ड्राइव इन मूवी मॉडल देश में इकलौता बताया जा रहा है।

कार में बैठे-बैठे मिलेगा फूड और ड्रिंक्स का मजा

दर्शकों को कार से बाहर निकले बिना ही चाइनीज और कॉन्टिनेंटल फूड, हॉट और कोल्ड ड्रिंक्स सर्व किए जाएंगे। इसके लिए देश के नामचीन शेफ्स द्वारा खास मेनू तैयार किया गया है।

टिकट बुकिंग और एंट्री व्यवस्था

इस ड्राइव इन मूवी शो का टिकटिंग पार्टनर ‘Find Your Wibe’ है, जो रायपुर का ही डिजिटल टिकटिंग प्लेटफॉर्म है। टिकट में GST और प्लेटफॉर्म फीस शामिल होगी, किसी तरह का अतिरिक्त चार्ज नहीं लिया जाएगा।

  • टिकट प्रति कार तय की गई है
  • कार में बैठने वाले लोगों की संख्या पर कोई लिमिट नहीं
  • ऑन द स्पॉट टिकट की सुविधा भी उपलब्ध
  • कैश और ऑनलाइन भुगतान दोनों के विकल्प

सुरक्षा और अनुशासन के कड़े इंतजाम

को-फाउंडर मयंक वर्मा ने बताया कि पहले शो के लिए गेट 4 बजे और दूसरे शो के लिए 9:15 बजे खुलेगा। एंट्री और एग्जिट के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। शो के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए पर्याप्त इंतजाम रहेंगे।

प्रशासन के निर्देशों के अनुसार नशे की हालत में प्रवेश वर्जित रहेगा। साथ ही बाहर से ड्रिंक्स, खाने-पीने का सामान और पालतू जानवर लाने की अनुमति नहीं होगी।

द फरेबिस ग्रुप द्वारा आने वाले दिनों में वीकेंड और खास मौकों पर ऐसे कई और ड्राइव इन मूवी और बड़े इवेंट्स आयोजित किए जाएंगे, जिनकी घोषणा जल्द की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *