Featuredछत्तीसगढ़

Marine Drive Parking Fee: मरीन ड्राइव आने वालों से अब वसूला जाएगा पार्किंग शुल्क, नए नियम पर लोगों में नाराजगी

Marine Drive Parking Fee: राजधानी रायपुर के लोकप्रिय पर्यटन और वॉकिंग स्पॉट तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) को लेकर नगर निगम का नया फैसला विवादों में घिर गया है। नगर निगम द्वारा पाथवे क्षेत्र को पार्किंग स्थल घोषित किए जाने और वहां पार्किंग शुल्क लागू करने के बाद मॉर्निंग वॉक और ईवनिंग वॉक करने वाले लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

Marine Drive Parking Fee


कितना लगेगा पार्किंग शुल्क?

नगर निगम के नए नियमों के तहत—

  • चार पहिया वाहन: 4 घंटे के लिए ₹20
  • दोपहिया वाहन: 12 घंटे के लिए ₹10

इस फैसले के बाद पाथवे को पार्किंग में तब्दील किए जाने का विरोध शुरू हो गया है। विरोध के स्वर इतने तेज हो गए हैं कि तेलीबांधा तालाब क्षेत्र में बैनर तक लगाए गए हैं, जिनमें नगर निगम के फैसले पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

वॉक करने वालों में आक्रोश

मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक करने वाले श्यामलाल साहू, विनीत समेत अन्य लोगों का कहना है कि—

“नगर निगम के अधिकारी क्या इतने मूर्ख हैं कि फुटपाथ को ही पार्किंग बना दिया गया है? पहले भी ऐसा फैसला लिया गया था, जिसे विरोध के बाद वापस लेना पड़ा था। अब क्या वॉक करने वालों से भी पैसे वसूले जाएंगे?”

लोगों का आरोप है कि पाथवे पर पार्किंग होने से पैदल चलने वालों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाएगी और मरीन ड्राइव का मूल उद्देश्य ही खत्म हो जाएगा।

निगम कमिश्नर बोले – जानकारी नहीं

जब इस पूरे मामले पर नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप से बात की गई तो उन्होंने कहा कि

“मुझे इस संबंध में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।”

पहले भी हो चुका है ऐसा फैसला

गौरतलब है कि जुलाई 2021 में भी नगर निगम ने तेलीबांधा तालाब घूमने आने वाले लोगों से पार्किंग शुल्क वसूलने का आदेश जारी किया था। उस समय भी जनता के विरोध के बाद तत्कालीन महापौर एजाज ढेबर को आदेश वापस लेना पड़ा था। अब एक बार फिर वही फैसला लागू होने से सवाल उठ रहे हैं कि क्या नगर निगम जनता की सुविधा से ज्यादा राजस्व वसूली पर ध्यान दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *