IPL 2026: रवींद्र जडेजा से संजू सैमसन तक, रिटेंशन डेडलाइन से पहले हुए बड़े-बड़े ट्रेड
IPL 2026: IPL 2026 रिटेंशन डेडलाइन से पहले फ्रेंचाइजियों ने कई बड़े खिलाड़ियों की अदला-बदली कर ली है। आज टीमें अपनी आधिकारिक रिटेंशन लिस्ट जारी करेंगी, जिसके बाद मिनी ऑक्शन की रणनीति और भी साफ हो जाएगी। इस बार ट्रेड विंडो में दिग्गज ऑल-राउंडर रवींद्र जडेजा, अनुभवी बल्लेबाज संजू सैमसन, तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और नितीश राणा जैसे बड़े नाम शामिल रहे।

नज़र डालते हैं इस सीजन के सभी प्रमुख ट्रेड्स पर—
रवींद्र जडेजा – चेन्नई सुपर किंग्स से राजस्थान रॉयल्स
12 साल तक CSK का अहम हिस्सा रहे वरिष्ठ ऑल-राउंडर रवींद्र जडेजा अब IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स की जर्सी में नजर आएंगे। चेन्नई ने एक बड़ा ट्रेड करते हुए जडेजा और सैम करन को राजस्थान भेजा और बदले में संजू सैमसन को अपनी टीम में शामिल किया। संजू को 18 करोड़ रुपये की कीमत में ट्रेड किया गया है। माना जा रहा है कि 2025 सीजन में टीम प्रबंधन से टकराव की खबरों के बाद संजू के लिए बाहर जाने का रास्ता खुल गया था।
संजू सैमसन – राजस्थान रॉयल्स से चेन्नई सुपर किंग्स
IPL 2025 में राजस्थान के कप्तान रहे संजू सैमसन अब चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलेंगे। CSK में संजू की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि वह मजबूत टॉप ऑर्डर और नेतृत्व अनुभव दोनों लेकर आएंगे।
मोहम्मद शमी – सनराइजर्स हैदराबाद से लखनऊ सुपर जायंट्स
अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को SRH ने 10 करोड़ रुपये में लखनऊ सुपर जायंट्स को ट्रेड किया है। शमी ने 2024 सीजन इंजरी के कारण मिस किया था, लेकिन उनके अनुभव और विकेट लेने की क्षमता को देखते हुए LSG ने उन पर बड़ा दांव लगाया है। इसी के साथ, LSG ने मुंबई इंडियंस से युवा ऑल-राउंडर अर्जुन तेंदुलकर को 30 लाख में ट्रेड किया है।
नितीश राणा – राजस्थान रॉयल्स से दिल्ली कैपिटल्स
मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज नितीश राणा अब IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते नजर आएंगे। डीसी ने राणा को 4.2 करोड़ रुपये में ट्रेड किया है। इसके बदले में राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली से दक्षिण अफ्रीका के ऑल-राउंडर डोनोवन फेरेरा को अपनी टीम में शामिल किया।
