Featuredबिजनेसविदेश

India Post Service: डाक विभाग ने फिर शुरू की अमेरिका डाक सेवा

India Post Service: भारत और अमेरिका के बीच रुकी हुई डाक सेवाएं अब फिर से शुरू हो गई हैं। डाक विभाग ने 15 अक्टूबर 2025 से अमेरिका के लिए सभी अंतरराष्ट्रीय डाक सेवाओं को बहाल करने की आधिकारिक घोषणा की है। यह फैसला उन ग्राहकों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है, जो लंबे समय से अपने पत्र, पार्सल और व्यापारिक शिपमेंट अमेरिका भेजने में समस्याओं का सामना कर रहे थे।


क्यों बंद हुई थी अमेरिका डाक सेवा

भारत से अमेरिका के लिए डाक सेवाएं 22 अगस्त 2025 को अस्थायी रूप से रोक दी गई थीं। इसका कारण अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा विभाग (CBP) द्वारा लागू नए नियम थे, जिनमें तकनीकी अस्पष्टताएं थीं। इसके चलते विमान कंपनियों ने अमेरिका जाने वाले शिपमेंट लेने से इनकार कर दिया था, और नतीजतन भारत को डाक सेवाएं रोकनी पड़ीं।

नया सिस्टम – Delivery Duty Paid (DDP)

डाक विभाग ने अब अमेरिकी अधिकारियों के साथ मिलकर DDP सिस्टम लागू किया है। इस नई व्यवस्था के तहत अमेरिका भेजे जाने वाले सभी पार्सल पर सीमा शुल्क (Custom Duty) भारत में ही बुकिंग के समय वसूल लिया जाएगा। यह शुल्क सीधे अमेरिकी सीमा शुल्क विभाग को भेजा जाएगा, जिससे डिलीवरी प्रक्रिया तेज और पारदर्शी होगी।

ग्राहकों को कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा

डाक विभाग ने स्पष्ट किया है कि ग्राहकों पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगाया जाएगा। यानी पुराने दरों के अनुसार ही सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसका सबसे बड़ा लाभ एमएसएमई उद्यमियों, हस्तशिल्प कारीगरों, ई-कॉमर्स विक्रेताओं और छोटे व्यापारियों को मिलेगा, जो अपने उत्पाद विदेश भेजते हैं।

कौन-कौन सी सेवाएं अमेरिका के लिए शुरू हुईं

अमेरिका के लिए अब ग्राहक निम्न सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं:

  • ईएमएस (स्पीड पोस्ट इंटरनेशनल)
  • एयर पार्सल
  • रजिस्टर्ड लेटर और पैकेट
  • ट्रैक्ड पैकेट सर्विस

ये सभी सेवाएं अब देशभर के डाकघरों, अंतरराष्ट्रीय व्यापार केंद्र (IBC), डाकघर निर्यात केंद्र (DNK) और भारत पोस्ट के ऑनलाइन पोर्टल से बुक की जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *