IND vs SA: रायपुर में मेफेयर होटल में रुकेंगी टीमें, स्टेडियम तैयारियों का काम अंतिम चरण में
IND vs SA: नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 3 दिसंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा वनडे मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। टीम इंडिया और दक्षिण अफ्रीका की टीम रांची में पहला मैच खेलने के बाद 1 दिसंबर की सुबह रायपुर पहुंचेंगी और दोनों टीमें नवा रायपुर के मेफेयर रिसॉर्ट में ठहरेंगी।

छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ (CGCA) के डायरेक्टर विजय शाह ने बताया कि दोनों टीमों के लिए होटल में अलग-अलग मेन्यू तैयार किया गया है। खिलाड़ियों को कॉन्टिनेंटल फूड के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन भी परोसे जाएंगे।
2 दिसंबर को अभ्यास करेगी दोनों टीमें
दोनों टीमें 2 दिसंबर को अलग-अलग समय पर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में अभ्यास के लिए जाएंगी। CGCA के अनुसार स्टेडियम की पिच को बीसीसीआई प्रशिक्षित क्यूरेटर ने तैयार किया है और जल्द ही बीसीसीआई की क्यूरेटर टीम भी रायपुर पहुंच सकती है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, बाउंसर भी तैनात होंगे
मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था प्रशासन को सौंप दी गई है। इसके साथ ही निजी सुरक्षा गार्ड और बाउंसर्स भी तैनात किए जाएंगे। दर्शकों की सुविधा के लिए पार्किंग, बैरिकेडिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर का काम अंतिम चरण में है। स्टेडियम की सभी कुर्सियों को विशेष वॉटर प्रेशर मशीन से साफ किया जा रहा है ताकि सीटें बिल्कुल नई जैसी दिखें। शनिवार को शासन स्तर पर सचिव-स्तरीय बैठक आयोजित हुई, जिसमें PWD, पुलिस विभाग, खेल विभाग, नगर निगम और जिला प्रशासन की जिम्मेदारियां तय की गईं।
स्टेडियम अगले सप्ताह CGCA को सौंपा जाएगा
खेल विभाग ने इस सप्ताह स्टेडियम को 30 साल की लीज पर छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ (CGCA) को सौंपने के लिए MOU किया है। अगले सप्ताह स्टेडियम का औपचारिक हैंडओवर किया जाएगा। इस दौरान लोक निर्माण विभाग (PWD) स्टेडियम में लगाए गए सभी संसाधनों की पूरी सूची तैयार कर क्रिकेट संघ को सौंपेगा।
PWD कर रहा है जनरल मेंटेनेंस
हैंडओवर से पहले PWD स्टेडियम में कई मरम्मत कार्य कर रहा है। इसमें शामिल है—
- 120 टॉयलेट्स की मरम्मत
- फॉल्स सीलिंग ठीक करना
- नल व फ्लश रिपेयर
- छत की टंकी की पानी सप्लाई व्यवस्था
- कॉर्पोरेट बॉक्स की 50 खराब सीटों का बदलना
MOU के बाद क्रिकेट संघ पैवेलियन ब्लॉक और ग्राउंड की अतिरिक्त मरम्मत में लगा हुआ है।
