Google Maps में आया नया Live Lane Guidance फीचर, अब बताएगा कब बदलनी है लेन, ड्राइविंग होगी और सुरक्षित
Google Maps: दुनिया का सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाने वाला नेविगेशन ऐप Google Maps अब एक और स्मार्ट फीचर के साथ अपग्रेड हो गया है। Google ने एक नया Live Lane Guidance फीचर लॉन्च किया है, जो ड्राइवर को रियल टाइम में बताएगा कि उसे कब और किस लेन में जाना है। यह फीचर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और कार के फ्रंट कैमरे व सेंसर की मदद से काम करेगा। यानी अब Maps ड्राइविंग के दौरान ऐसा व्यवहार करेगा जैसे कोई प्रोफेशनल को-ड्राइवर आपके साथ बैठा हो।

सिर्फ कार सिस्टम में चलेगा, फोन में नहीं
गौर करने वाली बात यह है कि ये फीचर फिलहाल स्मार्टफोन पर चलने वाले Google Maps ऐप में नहीं आएगा। यह सिर्फ उन कारों में काम करेगा जिनमें Google का बिल्ट-इन सिस्टम लगा है।
पहले फेज में यह फीचर अमेरिका और स्वीडन में Polestar 4 कार में रोलआउट किया जा रहा है। बाद में इसे और देशों और और नई कारों में जोड़ा जाएगा।
कैसे काम करता है Live Lane Guidance फीचर?
अभी तक Maps केवल स्क्रीन पर लेन के तीर (Arrows) दिखाता था। लेकिन नया फीचर सड़क के साइन, लेन, मार्किंग और आपकी कार की पोजीशन को सीधे कैमरे और सेंसर से स्कैन करेगा। इसके बाद AI रियल टाइम में तय करेगा कि आप सही लेन में हैं या नहीं — और अगर आप गलत लेन में हैं तो Visual + Audio Warning देगा।
उदाहरण:
अगर आप बाईं लेन में हैं, और आपका एक्जिट दाईं ओर है — तो सिस्टम आपको पहले से अलर्ट करेगा कि लेन बदलने का सही समय कब है, जिससे ड्राइविंग ज्यादा सेफ हो जाएगी।
सेफ्टी के लिए खासतौर पर बनाया गया
Google का कहना है कि Live Lane Guidance हाईवे ड्राइविंग, अनजान शहरों में नेविगेशन और ट्रैफिक भरे एरिया में ड्राइविंग को ज्यादा आसान व सुरक्षित बनाएगा।
Google Maps के पास पहले से 2 अरब से ज्यादा मासिक यूज़र्स हैं। आने वाले समय में जब ज्यादा कार कंपनियां Google के साथ पार्टनरशिप करेंगी, तो यह फीचर नई कारों में स्टैंडर्ड बन सकता है। फिलहाल Android या iOS ऐप में इसे लाने की कोई योजना नहीं है, क्योंकि यह फीचर Direct Car Hardware पर निर्भर करता है।
