Featuredमनोरंजन

Ghooskhor Pandit controversy: मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ पर विवाद, जातिवाद फैलाने का आरोप, टाइटल बदलने की मांग तेज

Ghooskhor Pandit controversy: बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी की अपकमिंग फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने वाली इस फिल्म के टाइटल को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। यूजर्स का आरोप है कि फिल्म का नाम जातिवाद को बढ़ावा देता है और एक विशेष समुदाय को निशाना बनाता है।

Ghooskhor Pandit controversy

मंगलवार को जैसे ही फिल्म का टीज़र और टाइटल अनाउंस हुआ, ट्विटर (X), इंस्टाग्राम और फेसबुक पर #ChangeTitle और #BoycottNetflix जैसे ट्रेंड्स शुरू हो गए। लोगों का कहना है कि फिल्म के नाम में इस्तेमाल किया गया ‘पंडत’ शब्द ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ नकारात्मक छवि पेश करता है।

सोशल मीडिया पर क्यों भड़के यूजर्स?

यूजर्स का तर्क है कि यदि फिल्म का नाम ‘घूसखोर दलित’ या ‘घूसखोर मुस्लिम’ होता, तो बड़ा विवाद खड़ा हो जाता। ऐसे में केवल एक खास समुदाय को टारगेट करना गलत है। कई लोगों ने नेटफ्लिक्स से फिल्म का नाम तुरंत बदलने की मांग की है, जबकि कुछ यूजर्स ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।

एक यूजर ने लिखा,
“ब्राह्मणों और पंडितों के खिलाफ नफरत को नॉर्मलाइज नहीं किया जा सकता। टाइटल बदला जाए, नहीं तो बायकॉट तय है।”

फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट

फिल्म में मनोज बाजपेयी अजय दीक्षित नाम के एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। कहानी एक ऐसे अफसर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो लालच के चलते एक बड़ी साजिश में फंस जाता है और फिर उसे अपनी ज़िंदगी बदलने का एक और मौका मिलता है।

फिल्म का निर्देशन रितेश शाह ने किया है और लेखन नीरज पांडे का है। इसमें नुसरत भरुचा, साकिब सलीम, अक्षय ओबेरॉय, कीकू शारदा और श्रद्धा दास अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट घोषित नहीं की गई है।

नेटफ्लिक्स की चुप्पी

इस पूरे विवाद पर अभी तक नेटफ्लिक्स या फिल्म मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन जिस तरह से विरोध तेज हो रहा है, माना जा रहा है कि मेकर्स को टाइटल पर दोबारा विचार करना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *