Durg Rajyotsav 2025: दुर्ग में 2 से 4 नवंबर तक धूमधाम से मनेगा राज्योत्सव, कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा
Durg News: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर दुर्ग जिले में 2 से 4 नवंबर 2025 तक तीन दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ किया जाएगा। इस आयोजन की सभी तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। आयोजन स्थल के रूप में गंजपारा स्थित पुरानी गंज मंडी परिसर को चुना गया है, जहां विभिन्न विभागों के स्टॉल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा
दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सोमवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव जिले की गरिमा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, इसलिए मंच निर्माण, विभागीय स्टॉल, पार्किंग और बैठक व्यवस्था को सुव्यवस्थित रूप से तैयार किया जाए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी विजय अग्रवाल, एडीएम अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर योगिता देवांगन, अपर कलेक्टर वीरेन्द्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर हरवंश मिरी, डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव और हितेश पिस्दा, नगर निगम कमिश्नर सुमित अग्रवाल व रिसाली कमिश्नर मोनिका वर्मा सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
जनता को मिलेगी निःशुल्क स्वास्थ्य जांच सुविधा
राज्योत्सव के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से नागरिकों के लिए फ्री हेल्थ चेकअप कैंप लगाया जाएगा। इसमें टीबी, सिकलिंग, हीमोग्लोबिन, नेत्र परीक्षण, बीपी, शुगर जांच, आयुष्मान कार्ड व वय वंदन कार्ड जैसी सेवाएं निःशुल्क दी जाएंगी।
बिजली विभाग करेगा ‘सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ का पंजीयन
बिजली विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आम नागरिकों का पंजीयन भी किया जाएगा, ताकि लोग सौर ऊर्जा का लाभ उठा सकें।
राज्योत्सव का उद्देश्य
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की संस्कृति, लोककला और विकास योजनाओं को जनता के सामने प्रस्तुत करने का एक उत्कृष्ट माध्यम है। उन्होंने विभागों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं समय पर और समन्वय से पूरी की जाएं ताकि आमजन बिना किसी असुविधा के उत्सव का आनंद उठा सकें।
