Chhattisgarh Weather Update: अगले 5 दिनों तक आंधी-बारिश के आसार, 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, प्रदेश में अगले 5 दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के संकेत हैं। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। पेंड्रारोड में 10 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं दुर्ग में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
