Chhattisgarh Recruitment 2025: 4708 शिक्षकों की भर्ती का रास्ता साफ, आदेश जारी
Chhattisgarh Recruitment 2025: छत्तीसगढ़ में लंबे समय से शिक्षक भर्ती (Teacher Recruitment) का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। राज्य सरकार ने 4708 शिक्षकों की भर्ती को मंजूरी दे दी है। स्कूल शिक्षा विभाग ने वित्त विभाग से अनुमति मिलने के बाद आदेश जारी कर दिए हैं। इस संबंध में विभाग के अवर सचिव ने डीपीआई को पत्र लिखा है।

सूत्रों के मुताबिक कुल 5000 पदों में से पहले चरण में 4708 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद बचे हुए पदों पर अगले चरण में नियुक्तियां की जाएंगी।
व्यापम करेगा परीक्षा आयोजित
आदेश जारी होने के बाद अब स्कूल शिक्षा विभाग व्यापम (Vyapam) को परीक्षा आयोजित करने के लिए पत्र भेजेगा। विभाग पहले ही परीक्षा के ड्राफ्ट को मंजूरी दे चुका है। परीक्षा का शेड्यूल जल्द जारी होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री की घोषणा पर अमल
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के दौरान राज्य में नई शिक्षक भर्ती की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने कहा था कि प्रदेश में कुल 30 हजार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। पहले चरण में 5000 शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
शिक्षक भर्ती से युवाओं में उत्साह
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के युवाओं में उत्साह का माहौल है। हजारों उम्मीदवार जो लंबे समय से शिक्षक भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे थे, अब आवेदन प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
