Chhattisgarh Rajya Utsav 2025: नवा रायपुर में हर महीने बन रहे 300 से ज्यादा इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर
Chhattisgarh Rajya Utsav 2025: खनिज आधारित उद्योगों के बाद अब छत्तीसगढ़ नए और आधुनिक उद्योगों की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। इसी कड़ी में नवा रायपुर के सेक्टर-22 में देश का पहला इलेक्ट्रिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC) तैयार किया गया है, जहां अब हर महीने 300 से ज्यादा इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाए जा रहे हैं।

लगभग 92 करोड़ रुपए की लागत से विकसित इस क्लस्टर को सीएसआईडीसी (छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन) ने 28 हेक्टेयर क्षेत्र में तैयार किया है। यहां करीब दो दर्जन कंपनियों ने उत्पादन कार्य शुरू कर दिया है। इनमें राज्य की पहली इलेक्ट्रिक व्हीकल यूनिट भी शामिल है, जो ई-स्कूटर, ई-साइकिल और ई-रिक्शा जैसे वाहन बना रही है।
कंपनी से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, नवा रायपुर में बने ये वाहन न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश और तेलंगाना जैसे राज्यों में भी चल रहे हैं। फिलहाल ऑटो पार्ट्स अन्य राज्यों से मंगाए जा रहे हैं, लेकिन भविष्य में स्थानीय उत्पादन से यह निर्भरता घटेगी।
इस परियोजना से 150 से ज्यादा स्थानीय युवाओं, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं, को सीधा रोजगार मिला है। विशेषज्ञों का कहना है कि जैसे-जैसे ऑटोपार्ट्स निर्माण इकाइयां प्रदेश में शुरू होंगी, ई-व्हीकल उद्योग में बड़ी क्रांति देखने को मिलेगी।
